
इंदौर। नईदुनिया प्रतिनिधि
सिटी बस में सफर करने वालों को जल्द ही नकद भुगतान की समस्या से निजात मिलेगी। सिटी बस कंपनी एआईसीटीएसएल यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो ट्रेन की तर्ज पर ई-पास सेवा शुरू कर रही है। ई-पास से लोग अपने एटीएम, स्मार्ट कार्ड, पेटीएम व रीचार्ज कार्ड से भुगतान कर यात्रा कर सकते हैं । इस सेवा का लाभ यात्री घर बैठे लेकर भी इंदौर में सफर कर सकता है।
एआईसीटीएसएल तीन माह में 150 नई बसें चलाएगी। इसके बाद इस सेवा को शुरू किया जाएगा। इससे उन यात्रियों को फायदा होगा, जो कुछ दिन सफर करेंगे। उन्हें बार-बार टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी। बसों में स्वाइप मशीन से स्मार्ट कार्ड को स्वाइप कर व रीचार्ज कार्ड में इच्छानुसार रीचार्ज कराकर सफर किया जा सकता है।
जितने का रीचार्ज, उतना सफर
ई-पास सेवा शुरू होने के बाद एआईसीटीएलएल एक एटीएम की तरह कार्ड बनाकर देगी। इसमें जितने का रीचार्ज होगा, उतना सफर यात्री कर सकता है। सफर करने के पहले कंडक्टर को कार्ड देना होगा वह उस कार्ड को अपनी मशीन से स्वाइप करेगा, उसके बाद वह सफर की अनुमति देगा। कार्ड में रीचार्ज खत्म होने पर यात्री के मोबाइल से भी कार्ड रीचार्ज करने की सुविधा रहेगी। इसी तरह पेटीएम बारकोड से स्केन करने के बाद मोबाइल का मैसेज दिखाकर भी सफर किया जा सकता है। एआईसीटीएसएल सीईओ संदीप सोनी ने बताया ई-पास सेवा कुछ दिनों में शुरू होगी। इसकी तैयारियां चल रही हैं।