
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मालवा मिल के मुस्लिम कब्रिस्तान में जनाजे के साथ अकसर 50 से 100 लोगों की भीड़ आती है। कई बार रात 2 बजे भी कब्रिस्तान में जनाजे आते हैं। इनमें शामिल लोगों से हमें कोरोना संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
यह आरोप जीवन की फैल में रहने वाले लोगों ने लगाया। कब्रिस्तान में जुटने वाली भीड़ को लेकर रहवासियों ने सोमवार को कब्रिस्तान के गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। रहवासी शुभम मंडलोई के मुताबिक मुक्तिाधाम व कब्रिस्तानों में कोराना संक्रमण के कारण ज्यादा लोगों के जाने पर प्रतिबंध है। इसके बाद भी कब्रिस्तान में नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर लोगों की भीड़ आ रही है। इसके कारण इस क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण बढ़ने का खतरा है। इसे लेकर हमने रहवासियों के साथ विरोध प्रदर्शन किया और परदेशीपुरा पुलिस थाने में आवेदन भी दिया। कई बार कब्रिस्तान में रात 2 बजे भी मिनी ट्रक में लोग अंतिम संस्कार के लिए आते हैं। सोमवार को इस कब्रिस्तान में कोराना पॉजिटिव व्यक्ति की मौत के बाद उसका जनाजा आने वाला था, लेकिन लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद नहीं आया। रहवासी अशोक वर्मा के मुताबिक कई बार रात के समय खजराना क्षेत्र के जनाजे भी मालवा मिल कब्रिस्तान में आते हैं। यहां के कब्रिस्तान के कर्ताधर्ता कर्मचारी पर कमेटी के लोग दबाव बनाकर खजराना क्षेत्र के जनाजों को भी यहां लेकर आते हैं। रहवासियों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान शारीरिक दूरी का पालन किया। लोग कतारबद्घ एक निश्चित दूरी पर मास्क लगाकर खड़े थे।