
लोकेश सोलंकी इंदौर
दो सप्ताह पहले जोर-शोर से सेमेस्टर पर 'जनमत संग्रह' का ऐलान कर उच्चशिक्षा विभाग अब पलट गया है। 29 सितंबर को कॉलेजों में सेमेस्टर पर वोटिंग करवाने का इरादा फिलहाल टाल दिया गया है। अभी समन्वय समिति में मंजूरी की बात की जा रही है लेकिन माना जा रहा है कि वोटिंग आगे भी नहीं होगी।
बीते दिनों भोपाल में उच्चशिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सेमेस्टर प्रणाली के रिव्यू का निर्णय लिया गया था। सत्र से लेकर तमाम परेशानियों के लिए सेमेस्टर पद्धति को जिम्मेदार बताए जाने के बाद मंत्री ने इस पर छात्रों की राय लेने का निर्देश दे दिया था। उत्साहित उच्चशिक्षा विभाग के अधिकारियों ने तुरंत ऐलान भी कर दिया था कि मंत्रीजी के आदेश के अनुसार 29 सितंबर को प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में छात्रों से इस पर मत लिया जाएगा कि सेमेस्टर प्रक्रिया लागू रहे या नहीं। अतिरिक्त संचालक उच्चशिक्षा डॉ. नरेंद्र धाकड़ के मुताबिक यह सही है कि अब 29 सितंबर को सेमेस्टर पर वोटिंग नहीं करवाई जाएगी। ऐसे किसी भी निर्णय के लिए समन्वय समिति से मंजूरी लेना जरूरी है। इधर उच्चशिक्षा विभाग के रोल-बैक से छात्र संगठन नाराज हो गए हैं। अभाविप के प्रांत मंत्री रोहिन राय ने मुद्दे पर प्रदेशभर में शासन के विरोध की घोषणा कर दी है।