
Footpath Campaign Indore: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। नगर निगम ने बंगाली चौराहे से पत्रकार कालोनी चौराहे के बीच वाहन चालकों की सुविधा के लिए सड़क चौड़ी कर दी, लेकिन यहां फुटपाथ बनाने के नाम पर महज खानापूर्ति की गई है। इस रोड पर जैन मंदिर व हनुमान मंदिर के पास तो कई जगह फुटपाथ के नाम पर पेवर ब्लाक की पतली पट्टी बना दी गई, जिस पर किसी भी व्यक्ति का चलना मुश्किल है। सड़क के अन्य हिस्सों में जहां फुटपाथ की चौड़ाई ठीक है, वहां दुकानदारों ने अवैध कब्जा कर रखा है। कई दुकानदारों ने अपना सामान फुटपाथ पर रखा है। ऐसे में यहां पर पैदल चलने वालों को मजबूरी में सड़क पर ही चलना पड़ता है।
इस क्षेत्र में कई रेडीमेड गारमेंट वाले अपनी डमी फुटपाथ पर रखते हैं तो कुछ ने दुकान के प्रचार प्रसार के लिए गेट भी फुटपाथ पर बना रखे हैं। संविद नगर वाले हिस्से पर गैस चूल्हे का विक्रेता फुटपाथ पर ही दुकान लगाता है और सामान सड़क तक रखता है। इसी ओर एक मटके के विक्रेता का भी सामान फुटपाथ पर रखा है।
बंगाली चौराहे के पास कूलर विक्रेताओं ने अपना सामान फुटपाथ के साथ रोड पर रखा है। कुछ नमकीन व रेस्टोरेंट संचालकों ने अपना काउंटर सड़क व फुटपाथ पर रखा है। एक रेस्टोरेंट संचालक फुटपाथ पर कब्जा करने के साथ सड़क पर भट्टी लगाकर खाद्य सामग्री का निर्माण करता है। रोड के दूसरी ओर पत्रकार चौराहे से बंगाली चौराहे की जाने वाली रोड पर फुटपाथ पर प्लास्टिक के डिब्बे रखकर उसमें पौधारोपण किया गया है। डिब्बे पैदल चलने वालों की जगह घेर लेते हैं। सड़क के कई हिस्सों पर फुटपाथ पर ही पार्किंग की जाती है। तिलकनगर मेन रोड पर भी फुटपाथ पर दुकानों व रेस्त्रां वालों ने अवैध कब्जा कर रखा है। यहां भी धड़ल्ले से पार्किंग होती है।
नगर निगम द्वार समय-समय पर रिमूवल टीम के माध्यम से फुटपाथ पर सामान रखने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जाती है। हमारी टीम सतत अनाउंसमेंट भी करवाती है। कई बार हमने फुटपाथ बोर्ड व सामान भी जब्त किया है। इस रोड पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों को जल्द ही हम हटाएंगे। - मनोज जैन जोनल अधिकारी, नगर निगम
कनाड़िया रोड पर ट्रैफिक पुलिस की टीम क्रेन के माध्यम से फुटपाथ व सड़क पर खड़े वाहनों पर कार्रवाई करती है। वाहनों को जब्त कर चालानी कार्रवाई भी करते हैं। इसके बाद भी लोग फुटपाथ व सड़क पर वाहन खड़े करने की आदत को नहीं बदलते हैं। - सुप्रिया चौधरी, प्रभारी, यातायात थाना (पूर्व)