
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : खाते में अचानक 2.17 लाख रुपये जमा होने का मैसेज आए तो एक परिवार को लगा कि शायद बैंक से कोई गलती हुई है। इसके बाद फोन आया और कॉल करने वाले ने खुद को पुणे वाला फिनकैप से जुड़ा बताया और लिंक भेजकर 2 लाख 17 हजार रुपये की ठगी कर ली। खुड़ैल पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार घटना 31 जुलाई 2026 की और है। पीड़ित के एसबीआई खाते में 2 लाख 17,339 रुपये ऑनलाइन जमा होने का मैसेज मिला था। 4 अगस्त को दादा जमनालाल पटेल चेकअप के लिए अस्पताल ले गया था। इसी दौरान राजू कुमार का कॉल आया और उसने कहा कि वह पुणे वाला फिनकैप से बोल रहा है।
उसने दावा किया कि कंपनी की ओर से गलती से 2 लाख 17,339 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में जमा हो गए हैं। रकम वापस लेने के लिए उसने एक लिंक भेजी और कहा कि लिंक पर क्लिक करने से गलती से जमा हुई राशि वापस चली जाएगी। पीड़ित शक्तिसिंह ने जैसे ही लिंक खोली 2 लाख 17 हजार 339 रुपये का मैसेज आया ।
5 अगस्त को फिर फिनकैप कंपनी के नाम से फोन आया और उसको बताया कि उसके नाम से 2 लाख 17 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है। इस पर पता चला कि ठगी हो गई है। इसके बाद पीड़ित ने खुड़ैल थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि किसी अंजान द्वारा दी गई किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधानी बरतना चाहिए।
यह भी पढ़ें- मुनाफे का लालच, फर्जी ट्रेडिंग एप और 94.50 लाख की ठगी; रायपुर में 80 लाख निकालने पहुंचे कारोबारी को लगा बड़ा झटका