
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रॉपर्टी विवाद का सेटलमेंट कराने के नाम पर गैंगस्टर सतीश पंवार उर्फ भाऊ और उसके साथियों द्वारा लाखों रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है। फरियादी राहुल यादव और विनोद सरेल ने क्राइम ब्रांच में शिकायत कर आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों ने बैंक और यूपीआई ट्रांजैक्शन से जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं।
शिकायत में सतीश भाऊ के साथ रोहित बनासिया उर्फ सैनी और रवि चिकलीश के नाम भी बताए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि प्रॉपर्टी विवाद खत्म कराने के लिए सतीश भाऊ के नाम पर रकम देने का दबाव बनाया गया। इसके बाद अलग-अलग माध्यमों से भुगतान किया गया। दस्तावेजों में कुल 3,29,998 रुपये के लेन-देन का रिकॉर्ड बताया गया है।
दस्तावेजों के अनुसार, 19 जुलाई 2025 को रोहित बनासिया के नाम पर 99,999 रुपये का यूपीआई भुगतान किया गया। इसी दिन 49 हजार और एक हजार रुपये के एनईएफटी ट्रांजैक्शन भी दर्ज हैं। 20 जुलाई को 1,49,999 रुपये का एनईएफटी ट्रांसफर किया गया। इसके बाद 23 जुलाई को 30 हजार रुपये का एक अन्य यूपीआई भुगतान भी दस्तावेजों में दर्ज है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ये भुगतान प्रॉपर्टी से जुड़े मामले के सेटलमेंट के सिलसिले में किए गए थे। शिकायत में एक मकान के संबंध में आठ लाख रुपये देने का भी दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, इसमें करीब 3.30 लाख रुपये ऑनलाइन और पांच लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा जमीन के पेटे छह लाख रुपये नकद देने की बात भी कही गई है।
आरोप है कि रकम देने के बावजूद उनका काम नहीं हुआ। जब उन्होंने रुपये लौटाने की मांग की तो कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया और रकम वापस करने से इनकार कर दिया गया। डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक गैंगस्टर के विरुद्ध कई थानों में अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस जानकारी जुटाकर आवेदन की जांच के बाद कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में ASI ने पान दुकान संचालक को लाठी से पीटा, 25 हजार रुपये मासिक बंदी मांगने का आरोप; वीडियो वायरल