
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रिंग रोड पर बन रहे मूसाखेड़ी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य इन दिनों धीमी गति से चल रहा है। निर्माण एजेंसी के सामने सबसे बड़ी समस्या फ्लाईओवर के बीच स्थित मंदिर और प्रतिमा को हटाए जाने की है। यह काम अभी तक नहीं हो पाया है, जिसके कारण परियोजना का काम प्रभावित हो रहा है। फिलहाल फ्लाईओवर के दोनों ओर गर्डर लॉन्च करने का काम जारी है, जिसे अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से एमपीआरडीसी द्वारा बनाए जा रहे इस फ्लाईओवर की लंबाई लगभग 780 मीटर है और यह 6-लेन का सिंगल पिलर फ्लाईओवर होगा। शुरुआत में इस परियोजना को मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से काम कई महीनों पीछे चल रहा है। अब जून 2026 तक की डेडलाइन तय की गई है। निर्माण एजेंसी का मानना है कि प्रोजेक्ट को पूरी तरह पूरा होने में कम से कम छह महीने और लग सकते हैं। इसके बाद ही इस पर यातायात शुरू हो सकेगा।
फिलहाल फ्लाईओवर के दोनों ओर पिलर खड़े किए जा चुके हैं और अब उन पर गर्डर लॉन्चिंग का काम चल रहा है। पटरी पर चलने वाले विशेष गैन्ट्री गेट्स की मदद से अब तक लगभग 7 टन वजनी तीन गर्डर रखे जा चुके हैं। पहले चरण में तीन स्पान पर कुल 24 गर्डर लगाए जाएंगे, जिनमें हर स्पान पर आठ-आठ गर्डर रखे जाने हैं। निर्माण एजेंसी का कहना है कि आने वाले 15 दिनों में 21 और गर्डर लगाए जाएंगे, जिससे यह चरण लगभग पूरा हो जाएगा।
निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुभाष दास के मुताबिक गर्डर लगाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे गर्डर को बिल्कुल सही स्थान पर सटीक तरीके से रखा जा सकता है। जहां क्रेन से गर्डर लगाए जाते हैं, वहां अक्सर कंपन अधिक होता है, जिससे उसकी पोजिशनिंग में दिक्कत आ सकती है। गैन्ट्री तकनीक से यह समस्या काफी हद तक कम हो जाती है।
फ्लाईओवर के बीच वाले हिस्से में बूस्टिंग कार्य भी अप्रैल में शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए लगभग 700 टन निर्माण सामग्री की जरूरत है, लेकिन अभी तक करीब 200 टन सामग्री ही साइट पर पहुंची है। सामग्री पूरी आने के बाद बीच के हिस्से का काम तेजी से शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर मेट्रो का फाइनल टेस्ट... 11.5 किमी ट्रैक पर 9 घंटे चला CMRS का निरीक्षण, ट्रॉली से परखी एक-एक बारीकी
फ्लाईओवर बनने के बाद रिंग रोड पर यातायात काफी आसान हो जाएगा। यह फ्लाईओवर सिंगल पिलर डिजाइन पर आधारित होगा, जिससे नीचे की सड़क भी चौड़ी बनी रहेगी और दोनों तरफ से वाहन आसानी से निकल सकेंगे। इसके पूरा होने से रिंग रोड पर ट्रैफिक सिग्नल खत्म हो जाएंगे और लोग करीब 20 मिनट में रिंग रोड पार कर सकेंगे। इससे रोजाना लगने वाले जाम से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। कलेक्टर ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य तय समय में पूरा किया जाए। जबकि एजेंसी का कहना है कि सर्विस रोड की कमी और आसपास के अतिक्रमण भी काम की गति को प्रभावित कर रहे हैं।