इंदौर। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों ने अलर्ट जारी कर शुक्रवार को इंदौर में अति वर्षा होने की संभावना जताई है। गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद शुक्रवार अल सुबह 4 बजे यशवंत सागर का जल स्तर बढ़ने से उसके तीन गेट खोल दिए गए। 19 फीट का लेवल बनाए रखने के लिए ये गेट खुले रहेंगे, लगातार बारिश की वजह से तालाब में पानी आने का सिलसिला जारी है। यशवंत सागर के प्रभारी रोहित रॉय के अनुसार गेट खोलने से पहले उज्जैन गंभीर बांध, डाउन स्ट्रीम के सभी गांव, हतोड़ व देपालपुर थाने एवं कंट्रोल रूम सूचना दी गई गई है।
शहर में गुरुवार को सुबह रुक-रुककर रिमझिम बारिश हुई, जो दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक थमी रही। शाम 5.30 बजे तक सिर्फ 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद 6.30 बजे कुछ समय के लिए तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक रात 8.30 बजे तक 18.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इस तरह शाम को दो घंटे में करीब आधा इंच बारिश हो गई। बुधवार रात को भी करीब एक इंच बारिश हुई। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 27 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अलर्ट
इंदौर में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी जबलपुर और उमरिया के बीच एक अवदाब का क्षेत्र है। इसके अलावा मानसून टर्फ राजगढ़, जबलपुर, उमरिया होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर जा रहा है। एक अन्य टर्फ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मप्र व छत्तीसगढ़ के ऊपर 3.1 व से 7.1 किलोमीटर पर बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिण महाराष्ट्र में केरल की ओर समुद्र किनारे से लगी द्रोणिका है। इसके कारण अरब सागर से नमी मिल रही है। शुक्रवार को द्रोणिका पश्चिम मप्र की ओर बढ़ेगी, लेकिन बीच में कमजोर होगी। हालांकि इंदौर की ओर आने पर इसे दोनों ओर से नमी मिलेगी। इसके कारण शुक्रवार इंदौर में अति वर्षा हो सकती है।