
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शहर में बीतों वर्षो के मुकाबले इस मानसून सीजन में अब तक कम ही वर्षा हुई है। वर्तमान में कोई प्रभावी सिस्टम नहीं होने के कारण शहरवासियों को अगले सप्ताह में बूंदाबांदी से ही संतोष करना होगा। वही दिन में गर्मी व उमस परेशान करेगी।
शहर के आसमान में लोकल सिस्टम बनने के कारण कुछ समय के लिए हल्की वर्षा हो सकती है। बादल छाए रहेेंगे। ऐसे में दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। इंदौर शहर में इस मानसून सीजन में अब तक 485.3 मिलीमीटर वर्षा हुई है जो अब तक की औसत वर्षा से 292.3 मिमी कम है।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक उत्तर पश्चिम मप्र और उससे लगे दक्षिण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। वही मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, नारनौल, उत्तर पश्चिम मप्र और उससे लगे दक्षिणी पश्चिमी त्रिपुरा तक जा रही है।
इसके अलावा दक्षिण गुजरात से झारखंड तक बनी द्रोणिका अब दक्षिण गुजरात से उत्तर बांग्लादेश तक फैली हुई है। यह उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश व उससे लगे दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश पर बने निम्न दबाव क्षेत्र से होकर उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक जा रही है।
यह सिस्टम भी ज्यादा प्रभावी नहीं है। इस वजह से इंदौर सहित पश्चिम मप्र में आगामी सप्ताह में बूंदाबांदी ही होगी। वही प्रदेश के उत्तर पूर्वी हिस्से में अच्छी वर्षा होगी। इंदौर में लोकल सिस्टम में बनने से शहर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
शनिवार को शहर में दिन में बादल छाए और दोपहर में निकली धूप ने गर्मी व उमस का अहसास करवाया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को शहर में बादल छाएंगे और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। दिन व रात का तापमान सामान्य के आसपास रहेगा।
| दिनांक | अधिकतम | न्यूनतम |
| 6 सितंबर | 26.0 | 22.0 |
| 7 सितंबर | 27.0 | 23.0 |
| 8 सितंबर | 28.0 | 23.0 |
| 9 सितंबर | 29.0 | 23.0 |
| 10 सितंबर | 29.0 | 23.0 |
| 11 सितंबर | 29.0 | 23.0 |
| 12 सितंबर | 29.0 | 23.0 |
नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में
यह भी पढ़ें- MP Weather 6th September: पूरे प्रदेश में 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में वर्षा और वज्रपात की चेतावनी