Heritage Train Indore: पूरी तरह बंद होगी छोटी लाइन की हेरिटेज ट्रेन
Heritage Train Indore: पहले पातालपानी से चलाने का लिया था निर्णय, 1 फरवरी से बंद होगा मीटरगेज ट्रैक।
By Sameer Deshpande
Edited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Tue, 17 Jan 2023 09:35:06 AM (IST)
Updated Date: Tue, 17 Jan 2023 09:35:06 AM (IST)

Train From Indore: हर्षल गहलोत, महू। महू तहसील में चलने वाली हेरिटेज ट्रेन अब बंद होने वाली है। यह आगे शुरू की जाएगी या नहीं, इसका कोई निर्णय नहीं लिया गया है। 1 फरवरी से डा. आंबेडकर नगर (महू) रेलवे स्टेशन से मीटरगेज लाइन पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसका आदेश रतलाम रेल मंडल ने जारी कर दिया है। 1 फरवरी से लाइन को ब्राडगेज में बदलने कार्य शुरू किया जाएगा। यह काम खंडवा-सनावद के बीच किया जाएगा। एक साल में पातालपानी तक ब्राडगेज कन्वर्जन का कार्य पूरा किया जाएगा।
हेरिटेज ट्रेन बंद करने के रेलवे ने दो कारण बताए हैं। इसमें एक कारण ब्राडगेज कन्वर्जन है। वहीं दूसरा कारण हेरिटेज ट्रेन से रेलवे को अच्छा प्रतिसाद नहीं मिल पाना बताया गया। महू रेलवे स्टेशन से मीटरगेज ट्रेन का संचालन 1870 से किया जा रहा है। इसमें अब तक हेरिटेज ट्रेन के अतिरिक्त महू-ओंकारेश्वर ट्रेन संचालित की जा रही थी। यह भी फरवरी से बंद कर दी जाएगी। हालांकि पहले रेलवे ने हेरिटेज ट्रेन का संचालन अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया था। रेलवे ने पातालपानी से ही हेरिटेज ट्रेन चलाने की बात कही थी। रेलवे के इस नए निर्णय से पुरानी कई योजनाएं भी रुक गई हैं। रेलवे द्वारा हेरिटेज ट्रेन के लिए नया प्लेटफार्म तैयार किया जा रहा था। यह कार्य अब भी रोक दिया जाएगा।
27 दिसंबर को निरीक्षण के बाद लिया था निर्णय
महू रेलवे स्टेशन को ब्राडगेज लाइन के अनुसार तैयार किया जा रहा है। हाल ही में रेलवे जीएम और अन्य अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर दौरा किया था। इसके बाद यह निर्णय लिया गया। महू रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में मीटरगेज की चार लाइनें हैं। इनमें पहली लाइन पर ट्रेन संचालन किया जाता है। दूसरी लाइन पर गुड्स रैक रखा है। तीसरी और चौथी लाइन में पिटलाइन और डिपो की योजना थी। ये सभी कार्य इंदौर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के यातायात दबाव कम करने के लिए किया जा रहा है।
इसके लिए महू में नया स्टेशन भवन तैयार किया गया है। नए प्लेटफार्म तैयार किए जा रहे हैं। 27 दिसंबर 2022 को पश्चिम रेलवे जीएम अशोक मिश्र ने महू रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। इसके बाद रेलवे ने तय किया था कि हेरिटेज ट्रेन का संचालन पातालपानी स्टेशन से किया जाएगा। इसके साथ मीटरगेज कोच और पावर का मेंटनेंस भी पातालपानी स्टेशन पर ही होगा। पर हाल ही निरीक्षण के बाद योजना बदली गई।
1 फरवरी से मीटरगेज का संचालन पूरी तरह से बंद हो जाएगा। इसके साथ ही हेरिटेज ट्रेन का भी संचालन पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा। हेरिटेज ट्रेन के लिए यात्रियों का प्रतिसाद भी इतना अच्छा नहीं था। आगे हेरिटेज चलाई जाएगी या नहीं निश्चित नहीं है। अब ब्राडगेज कनवर्जन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-रजनीश कुमार, डीआरएम, रतलाम मंडल
फोटो- महू रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 की मीटरगेज लाइन का काम चल रहा है।