इंदौर में हिंदू महासभा ने किया कालीचरण का समर्थन, पुतला जलाएगी कांग्रेस
गुरुवार 30 दिसंबर को शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता कालीचरण का पुतला जलाएंगे।
By gajendra.nagar
Edited By: gajendra.nagar
Publish Date: Wed, 29 Dec 2021 11:32:03 AM (IST)
Updated Date: Wed, 29 Dec 2021 11:34:58 AM (IST)

इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। कालीचरण उर्फ धनंजय सरग के बयान पर अब राजनीति शुरू हो गई है। हिंदू महासभा ने समर्थन करते हुए किसी भी कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया है। चेतावनी भी दे डाली है। दूसरी ओर कांग्रेस ने घोषणा कर दी है कि कालीचरण का पुतला जलाया जाएगा। कालीचरण ने बीते दिनों राष्ट्र पिता महात्मा गांधी को एक सभा के मंच से अपशब्द कहे थे। उन्हीं हत्या को जायज ठहराते हुए नाथूराम गोंडसे का समर्थन किया था। कालीचरण पर पुलिस प्रकरण दर्ज कर चुकी है।
हिंदू महासभा युवा शाखा इंदौर के अध्यक्ष संदीप मिश्रा ने बयान जारी कर कहा कि महासभा कालीचरण महाराज के बयान के एक-एक शब्द का समर्थन करती है। यदि कोई कार्रवाई हुई तो तीव्र प्रतिक्रिया दी जाएगी। दूसरी ओर इंदौर शहर कांग्रेस ने ऐलान कर दिया है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान और हत्यारों का समर्थन करना सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने की उम्मीद में किया जा रहा है। कालीचरण उर्फ धनंजय पहले महाराष्ट्र से पार्षद का चुनाव भी लड़कर हार चुके हैं। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कहा कि गुरुवार 30 दिसंबर को शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता कालीचरण का पुतला जलाएंगे।
कांग्रेस का स्थापना दिवस
कांग्रेस का 137वां स्थापना दिवस मंगलवार को गांधी भवन में मनाया गया। शहर कांग्रेस द्वारा किए गए आयोजन में कांग्रेस ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के संदेश का वाचन शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने किया। नाथ ने संदेश दिया कि कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक दल नहीं बल्कि आजादी के लिए लड़ने वाला संगठन है। लोकतंत्र की रक्षा कांग्रेस की विचारधारा ही कर सकती है। परंपरा अनुसार कांग्रेस ने अपना ध्वज परिवर्तन कर नए ध्वज को फहराया और कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल को सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव ने सलामी देकर ध्वज वन्दन किया।