
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। स्मार्ट सिटी द्वारा बड़ा गणपति से कृष्णपुरा पुल तक रोड चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस रोड निर्माण में कृष्णपुरा पुल से राजवाड़ा के बीच की जा रही खोदाई में होलकरकालीन सीवरेज चैंबर मिले है। इन चैंबरों व सीवरेज लाइन का इस क्षेत्र में अब भी उपयोग हो रहा है। स्मार्ट सिटी के इंजीनियर डी आर लोधी के मुताबिक रोड के इस हिस्से में 1936 में डाली की सीवरेज लाइन के साथ पांच मीटर गहरे छह पुराने चैंबर भी मिले है। इन चैंबरों को सीमेंट कांक्रीट व सरिए से बाहर की ओर से मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है। अभी इस हिस्से में चैंबर वाले स्थान को छोड़ आसपास के हिस्से में खोदाई की जा रही है और इसके बाद यहां पर रोड निर्माण से पूर्व बेस तैयार किया जाएगा। स्मार्ट सिटी द्वारा 1.72 किलोमीटर की इस सड़क को 34.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी द्वारा 16 जून तक इस रोड का निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
140 मीटर की सड़क का हिस्सा हो गया है तैयार
एमजी रोड की निर्माणाधीन सड़क में बड़ा गणपति से कड़ाबीन के बीच 140 मीटर लंबाई व 10 मीटर चौड़ाई में कांक्रीट का स्ट्रक्चर तैयार हो गया है। 10 दिन बाद इस रोड को वाहनों व आम लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इसके अलावा अब कड़ाबीन से मल्हारगंज के बीच 200 मीटर लंबाई में एक लेन की सड़क का सीमेंट कांक्रीट का बेस तैयार हुआ है। स्मार्ट सिटी द्वारा रोड निर्माण के पूर्व सीवरेज, स्टार्म वाटर लाइन व नर्मदा पेयजल लाइन डालने का काम पूरा किया जा रहा है। रोड बनने के बाद जब उस क्षेत्र में फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा, उसमे पहले रोड के उस हिस्से में विद्युत केबल व आप्टिकल फाइबर केबल की अंडरग्राउंड पाइप लाइन डाली जाएगी।