
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। 19 सितंबर को होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए कांग्रेस को इंदौर विकास प्राधिकरण ने 12 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित कर दी है। तीन दिन के लिए रीजनल पार्क के सामने मैदान दे तो दिया गया है लेकिन आइडीए ने पांच शर्तें भी लगा दी हैं।
इसमें अन्य विभागों से आयोजन की अनुमति लेना, जगह का अधिक समय उपयोग करने पर अतिरिक्त लीज रेंट चुकाना और ध्वनि विस्तार व पार्किंग से लेकर सुरक्षा के नियम व बंदोबस्त करना भी शामिल है। आइडीए के इस पत्र के बाद कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को आयोजन की अनुमति के लिए पत्र भी सौंप दिया।
इंदौर आ रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लिए कांग्रेस ने रिंग रोड की सितारा होटल में सुईट बुक किया है। राहुल गांधी इंदौर में रात्रि विश्राम नहीं करेंगे लेकिन बताया जा रहा है कि आयोजन के पहले या बाद में सुस्ताने या भोजन के लिए होटल में प्रबंध किया गया है।
इस बीच शहर कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आयोजन की अनुमति मांगी है। देर शाम पुलिस कमिश्नरेट से अधिकारी और प्रशासन की टीम आयोजन स्थल रीजनल पार्क के सामने स्थित भारत जोड़ो मैदान पर पहुंची।
जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, राहुल गांधी की मैनेजमेंट टीम के केवी बैजू और इवेंट टीम के प्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों ने मैदान पर ही चर्चा की। इस दौरान सुरक्षा-पार्किंग के साथ एंट्री व्यवस्था पर भी पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- सागर शराब कांड के आरोपी की तलाश तेज, यूपी से लेकर गुजरात तक दबिश, चित्रकूट में मिली थी आखिरी लोकेशन
आयोजन से पहले संख्या जुटाने और युवाओं के अधिकतम पंजीयन का लक्ष्य लेकर कांग्रेस के पदाधिकारी जुट गए हैं। शहर अध्यक्ष चौकसे ने दो नंबर क्षेत्र में बैठक लेकर पदाधिकारियों को लक्ष्य दिया। दूसरी ओर कांग्रेस सेवादल ने अनोखी पहल की। सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव ने भोलाराम उस्ताद मार्ग पर 'छात्रों की गूंज' नाम से टी स्टॉल खोल दिया। यहां छात्रों को मुफ्त में चाय पिलाकर और पोहे खिलाकर आयोजन के लिए पंजीयन करवाया जा रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक रवि जोशी ने भी निमाड़ क्षेत्र के छात्रों की बैठक ली। नवलखा स्थित मैरिज गार्डन में प्रदेश की सह प्रभारी उषा नायडू के साथ विद्यार्थियों की बैठक लेकर जोशी ने युवाओं को आयोजन के लिए आमंत्रित किया।