
इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि IIM Indore MoU। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आइआइएम) इंदौर ने गुरुवार को मिलिट्री कालेज आफ टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई) महू के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। तीन साल की अवधि के लिए मान्य इस एमओयू पर आइआइएम इंदौर के निर्देशक प्रोफेसर हिमांशु राय और एमसीटीइ महू के एसएम कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एमयू नायर ने हस्ताक्षर किए। प्रो. राय ने कहा कि यह समझौता मूल्यवान साबित होगा। रक्षा, शिक्षा और उद्योग के बीच घनिष्ठ सहयोग को प्रोत्साहित करेगा। यह साझेदारी दोनों संस्थानों के लिए पारस्परिक रूप से लाभकारी रहेगी। एमसीटीइ के लिए यह प्रबंधन अध्ययन के क्षेत्र में संकाय और आइआइएम इंदौर के रिसर्च एक्सपर्ट की विशेषज्ञता का लाभ उठाने का अवसर होगा। वहीं आइआइएम इंदौर के संकाय सदस्यों के लिए यह प्रासंगिक अनुसंधान और विकासात्मक गतिविधियों में व्यावहारिक वास्तविकता से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। इससे उन्हें अपने विषयों में और अधिक विशेषज्ञता प्राप्त होगी।
प्रबंधन कौशल में स्माल कैप्सूल कोर्स शुरू होगा
लेफ्टिनेंट जनरल नायर ने आइआइएम इंदौर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि एमसीटीई हर वर्ष 10 से 12 देशों के लगभग 20-30 विदेशी छात्रों की मेजबानी करता है। आइआइएम इंदौर द्वारा इन विदेशी विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए समकालीन प्रबंधन कौशल में स्माल कैप्सूल कोर्स सभी देशों के बीच अच्छे संबंधों को बढ़ावा देने में में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि सहयोग दोनों संस्थानों के लिए एक्सचेंज या सहयोग कार्यक्रमों में भी मदद करेगा और संयुक्त अध्ययन, अनुसंधान और प्रशिक्षण गतिविधियों द्वारा दोनों संस्थानों के बीच पारस्परिक हित के अन्य शैक्षिक आदान-प्रदान के विकास को बढ़ावा देगा। इस एमओयू से संयुक्त अनुसंधान, संयुक्त मामले के अध्ययन, बिग डेटा एनालिटिक्स पर विशेष ध्यान देने के साथ और आइआइएम इंदौर द्वारा प्रदान की गई सहायता और विशेषज्ञता के साथ प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स आधारित समस्या परिभाषाओं के कार्यान्वयन पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। इसके तहत परियोजना दिशा-निर्देशों, संयुक्त कार्यशालाओं, सेमिनार को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।