
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहरों में बढ़ते कचरे की समस्या से निपटने के साथ उसका उपयोग निर्माण कार्यों में कैसे किया जा सकता है, इस पर आईआईटी इंदौर में मंथन शुरू हो गया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी इंदौर) और साउथ ईस्टर्न यूनिवर्सिटी आफ श्रीलंका के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार से पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला शुरू हुई।
इसमें ठोस कचरे को उपयोगी निर्माण सामग्री में बदलने और उससे सड़क, पुल, फुटपाथ व भवन बनाने की नई तकनीकों पर चर्चा की जा रही है। कार्यशाला का विषय 'सतत निर्माण में ठोस अपशिष्ट का उपयोग' रखा गया है। इसमें नैनो टेक्नोलाजी और जियोपालिमर तकनीक के माध्यम से कचरे को निर्माण सामग्री में बदलने के तरीकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यशाला में विशेषज्ञ बताएंगे कि किस तरह औद्योगिक और अन्य ठोस कचरे का इस्तेमाल निर्माण कार्यों में किया जा सकता है। इससे प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता कम करने के साथ कचरे के निपटान की समस्या का भी समाधान मिल सकता है। इसका उद्देश्य ऐसी तकनीक विकसित करना है, जिससे पर्यावरण को कम नुकसान पहुंचे और निर्माण कार्य अधिक टिकाऊ बन सकें।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि अपर आयुक्त प्रखर सिंह (आईएएस) थे। श्रीलंका की साउथ ईस्टर्न यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. एसएम जुनैदीन और आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास एस. जोशी भी मौजूद रहे। इसके अलावा आईआईटी गुवाहाटी, आईआईएम मुंबई और आईआईएम इंदौर के विशेषज्ञों ने भी सहभागिता की।
यह भी पढ़ें- एआई का कमाल, आईआईटी इंदौर के 10 छात्रों को मिला 1.59 करोड़ रुपये का पैकेज
निदेशक प्रो. जोशी ने कहा कि ठोस कचरे को उपयोगी निर्माण सामग्री में बदलना चक्रीय अर्थव्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। कार्यशाला का समन्वय डॉ. ललित बोराना और प्रो. मृगेंद्र दुबे कर रहे हैं। इसके माध्यम से भारत और श्रीलंका के संस्थानों के बीच शोध और तकनीकी सहयोग को भी मजबूत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- आईआईटी इंदौर ने खोला एआई के ‘ब्लैक बॉक्स’ का राज, पता लगाया कैसे सीखती है मशीन