मौसमी बीमारियों का असर... इंदौर के अस्पतालों में 30 प्रतिशत से अधिक बढ़े मरीज
डॉक्टरों का कहना है कि मौसम बदलने के साथ बाहर के दूषित खानपान के कारण भी अधिक संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं। शहर के सरकारी अस्पताल में भी मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हो रहा है। लोगों को बारिश के दिनों में खानपान का विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिये।
Publish Date: Thu, 01 Aug 2024 11:52:59 AM (IST)
Updated Date: Thu, 01 Aug 2024 11:52:59 AM (IST)
इंदौर के एमवाय अस्पताल में इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं।HighLights
- 70 प्रतिशत मरीज आ रहे दूषित खानपान के।
- 300 से अधिक मरीज एमवाय में आ रहे रोजाना।
- बारिश में हर वर्ष मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। वर्तमान में मौसम परिवर्तन के कारण बीमारियां काफी तेजी से बढ़ रही हैं। दूषित खानपान और मच्छरजनित बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। इन दिनों शासकीय और निजी अस्पतालों में लंबी कतार लग रही है। टायफाइड, पीलिया, उल्टी-दस्त, बुखार आदि के मरीजों की संख्या 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ गई है।
![naidunia_image]()
एमवाय अस्पताल ओपीडी के मेडिसिन विभाग में जहां 10 जुलाई को 190 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे, यह संख्या 20 जुलाई को बढ़कर 442 हो गई है। इसके बाद से ही यहां 300 से अधिक मरीज रोजाना आ रहे हैं। इनमें इंदौर सहित संभागभर के मरीज शामिल हैं।
ऐसे करें बचाव
- बारिश में पानी उबालकर पीएं।
- सब्जियां अच्छे से धोने के बाद उपयोग में लें।
- बारिश में बाहर के खानपान से बचें।
- बारिश के दिनों में ताजा खाना खाएं।
- घर के आसपास पानी एकत्र न होने दें।
मौसम परिवर्तन के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। क्योंकि वर्षा नहीं होने से उमस हो रही है। हम जागरूक रहकर इन बीमारियों से बचाव कर सकते हैं। हमें खानपान का विशेष तौर पर ध्यान रखने की आवश्यकता है।
-डाॅ. संजय दुबे, एमडी मेडिसिन