
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : साइबर अपराधियों ने सस्ते आईपीओ और शेयर खरीदने का झांसा देकर वाटर पार्क संचालक से 8 लाख 59 हजार रुपये की ठगी कर ली। हीरा नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार फरियादी रितेश कुमार निमाड़े द्वारा साइबर हेल्प लाइन पर शिकायत की गई थी। रितेश वाटर पार्क संचालित करता है। उसने पुलिस को बताया कि 12 अगस्त को फेसबुक पर स्टॉक मार्टेक संबंधित विज्ञापन देखा था। रितेश ने एक लिंक ओपन कर ली और सीधे वाट्सएप (क्लिंब हायर-993) से जुड़ गया। ग्रुप में शेयर खरीदने और बेचने संबंधित टिप्स दिए जाते थे।
आरोपितों ने मार्केट में निवेश करने पर 10 से 20 प्रतिशत तक मुनाफा दिखाया गया था। वंशिका नामक युवती ने काल लगाया और रितेश से आइडी लेकर वीडियो कॉल पर उसका सत्यापन किया। 18 अगस्त को आवेदन मंजूरी की पुष्टि की और रितेश से ट्रेडिंग के नाम पर 8 लाख 59 हजार रुपये जमा करवा लिए।
आरोपितों ने 10 सितंबर को बताया कि रितेश के अकाउंट में कार्बन स्टील इंजीनियरिंग लिमिटेड के 92 हजार आईपीओ मिले हैं और उनकी कीमत 47 लाख रुपये है। आरोपितों ने रितेश से 18 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। रितेश को शक हुआ और उसने ग्रुप में जुड़े अन्य सदस्यों को कॉल लगाया तो नंबर फर्जी निकला। आरोपितों ने जिन लोगों को ग्रुप में सदस्य बनाया था वो सभी फर्जी थे।
यह भी पढ़ें- म्यूल अकाउंट से 4.53 करोड़ के लेन-देन मामले में आरोपित को तीन साल की सजा, 10 हजार रुपये का अर्थदंड