
Viral Video Indore: इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि। यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी ने जब एक युवक को गाड़ी साइड में लगाने के लिए कहा तो वह विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी तक कर दी। घटना का वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक बसंत कौल ने बताया कि घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े छह बजे भमौरी क्षेत्र की है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी रंजित यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। तभी युवक सोहेल पत्नी के साथ दो पहिया वाहन से जा रहा था। उसे वाहन साइड में करने के लिए कहा तो वह विवाद करने लगा और इस बीच उसने पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी तक की। मामले में विजय नगर थाने में युवक के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
इंदौर में महिला ने यातायात पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी की।#mpnews #indorenews pic.twitter.com/1GrmC7Se7U— NaiDunia (@Nai_Dunia) July 14, 2022
कार के कैमरे में कैद हुई बस चालक की लापरवाही, केस दर्ज
लापरवाहीपूर्वक बस चलाकर यात्रियों का जीवन संकट में डालने वाले चालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। यातायात पुलिस की हेल्पलाइन पर वीडियो भेज वाहन चालक की शिकायत की गई थी। दरअसल, यातायात हेल्पलाइन नंबर 75876-32011 पर फोटो/वीडियो/संदेश के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों की पुष्टि के बाद संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। 14 जुलाई को राज रतन ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 07 पी 5550 के चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक बस चलाने पर धारा 279 व मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
12 जुलाई को एक नागरिक द्वारा हेल्प लाइन नंबर पर एक वीडियो भेजा गया था, जिसमें बताया था कि 30 जून की शाम करीब 6 बजकर 47 मिनट पर खजराना से रोबोट चौराहा आते समय लिंक रोड के मोड़ पर राजरतन ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 07 पी 5550 के चालक द्वारा बस को लापरवाही, उतावलापन व खतरनाक तरीके से बस चलाकर लोगों का जीवन संकट में डाला गया। कार चालक के डेस्क कैमरे में यह घटना कैद हो गई। जांच के बाद चालक पर केस दर्ज करवाया गया।