
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सुपर कारिडोर और एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की तैयारी है। इंदौर विकास प्राधिकरण (आइडीए) की अगले सप्ताह प्रस्तावित बोर्ड बैठक में योजना क्रमांक 172 के तहत एयरो सिटी विकसित करने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। इसके साथ ही शहर के यातायात को सुगम करने के लिए रोबोट और रेडिसन चौराहा पर प्रस्तावित दो फ्लाईओवरों के निर्माण को भी प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की संभावना है।
आइडीए की बोर्ड बैठक मंगलवार को प्रस्तावित की गई है। संभागायुक्त और आइडीए अध्यक्ष के स्थानांतरण के बाद पहली बार आयोजित हो रही बैठक में विभिन्न प्रोजेक्ट पर अहम फैसला हो सकता है। बोर्ड बैठक जारी विकास कार्यों पर बजट आवंटन की स्वीकृति के अलावा अन्य प्रस्ताव पर अहम निर्णय होगा। आइडीए ने सुपर कारिडोर पर जमीन मिलने के बाद यहां पर विकास की संभावनाएं तेज कर दी हैं।
योजना के तहत करीब 25 एकड़ क्षेत्र में एयरो सिटी विकसित करने की तैयारी है। यहां होटल उद्योग के लिए बड़े भूखंड विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा आईटी, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य गतिविधियों के लिए भी जमीन उपलब्ध कराने की योजना है। एयरपोर्ट के आसपास बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए इस प्रोजेक्ट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सुपर कारिडोर पर ही आइडीए दस हजार लोगों की क्षमता का कन्वेंशन सेंटर तैयार करेगा। पीपीपी मॉडल पर विकसित होने वाली इस योजना की पहली टेंडर प्रक्रिया में किसी एजेंसी ने रुचि नहीं दिखाई। यहां पर बड़ा कन्वेंशन सेंटर, होटल, कॉर्पोरेट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां जुटाई जाएंगी। 17 हेक्टेयर में बनने वाले कन्वेंशन सेंटर में छह हेक्टेयर में व्यावसायिक गतिविधियां तैयार होंगी।
यह भी पढ़ें- पुलिस को धक्का देकर हथकड़ी समेत भागा आरोपी, बड़वानी पुलिस ने फोटो जारी कर किया अलर्ट, ₹2,000 का इनाम भी घोषित
आइडीए की प्रस्तावित बोर्ड बैठक में रिंग रोड पर यातायात की समस्या पर बड़ा समाधान मिल सकता है। इस सड़क के रोबोट और रेडिसन चौराहा पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण और टेंडर प्रक्रिया पर मोहर लगेगी। यहां पर फ्लाईओवर के लिए आइडीए ने फिजिबिलिटी सर्वे कर लिया है। इसके अलावा बोर्ड बैठक में विभिन्न व्यावसायिक भूखंडों के टेंडर के विक्रय और टेंडरों पर मोहर लग सकती है।