Madhya Pradesh Vidhansabha Elections: डा. भीमराव आंबेडकर के जन्मजयंती पर एक मुख्यमंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री सहित कई नेता पहुंचे
Madhya Pradesh Vidhansabha Elections: डा. भीमराव आंबेडकर के जन्मजयंती पर एक मुख्यमंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री सहित कई नेता पहुंचे।
By Sameer Deshpande
Edited By: Sameer Deshpande
Publish Date: Sat, 15 Apr 2023 08:03:11 AM (IST)
Updated Date: Sat, 15 Apr 2023 09:47:02 AM (IST)

Madhya Pradesh Vidhansabha Elections: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भारतीय लोकतंत्र का महापर्व नजदीक आते ही इंदौर के समीप महू राजनीतिक महत्व का महातीर्थ हो गया है। महू में संविधान निर्माता डा. भीमराव आंबेडकर का जन्म हुआ था। जन्म के 132 वर्ष बाद भी उनकी जन्मभूमि की माटी मतों की फसल के लिए बेहद उर्वरा है। इसी माटी को माथे पर लगाने देशभर के दिग्गज राजनेता शुक्रवार को बाबा साहेब की जयंती के अवसर पर महू पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ तो मप्र के ही हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई नेता यहां मौजूद थे।
Madhya Pradesh Vidhansabha Elections: डा. आंबेडकर की जयंती पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित कई नेता पहुंचे शीष नवाने
मध्य प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है, जबकि अगले साल देश की सत्ता का फैसला होगा। डा. आंबेडकर का देश और प्रदेश के अनुसूचित जाति के मतदाताओं पर गहरा प्रभाव है। उनकी मूर्ति के सामने किया नमन, उनके अनुयायियों को नमन करने की तरह है। ऐसे में, कोई पार्टी और नेता इस क्रम में पीछे रहना नहीं चाहता। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, मध्य प्रदेश में अनुसूचित जाति की आबादी करीब 15.6 फीसद है जबकि मतदाता करीब 70 लाख 40 हजार से ज्यादा हैं।
कमल नाथ का आरोप..
कांग्रेस सहित विपक्ष के अन्य दलों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए समाज के लिए सत्ताधारी दल द्वारा कुछ न करने का आरोप लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने डा. आंबेडकर की प्रतिमा के नीचे झूठ बोला और यहां धर्मशाला बनाने की घोषणा कई बार की।
अखिलेश का निशाना...
अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहेब ने जो संविधान दिया उसे खत्म करने के लिए सरकारें काम कर रही हैं। उत्तर प्रदेश में चुनाव को देखते हुए भाजपा एनकाउंटर करा रही है।
शिवराज का पलटवार...
तमाम आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने घोषणाओं की झड़ी लगाते हुए कहा कि विपक्ष के आरोप झूठे हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार की नाकामियों को सिलसिलेवार तरीके से गिनाया।
लंदन सहित पंच तीर्थ की यात्रा कराएगी मप्र सरकार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महू में डा. आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में कहा- डा. भीमराव आंबेडकर के पंचतीर्थ में शामिल शिक्षा भूमि लंदन की यात्रा भी राज्य सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत कराएगी। इसके लिए सरकार जितने श्रद्धालुओं की संख्या तय करेगी, उनमें से प्रदेश के शृद्धालुओं को अनुदान राशि दी जाएगी। जबकि पंचतीर्थ में शामिल भारत के चार अन्य तीर्थों की यात्रा के लिए विशेष ट्रेन भेजी जाएगी। इनमें जन्मस्थली महू, दीक्षा भूमि नागपुर, नई दिल्ली में महा परिनिर्वाण भूमि, मुंबई में चैत्य भूमि शामिल है। उन्होंने बताया कि महू में डा. आंबेडकर जन्मस्थली के पास 3.5 एकड़ जमीन पर श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अच्छा आचरण: प्रदेश की जेलों से समय से पहले रिहा किए गए 154 बंदी
प्रदेश की 16 जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 154 बंदियों को संविधान निर्माता डा.भीमराव आंबेडकर की जयंती पर अच्छे आचरण के कारण समय से पहले ही रिहा किया गया। अब तक 26 जनवरी व 15 अगस्त पर ऐसे बंदियों को रिहा किया जाता था, लेकिन नई व्यवस्था के अनुसार वर्ष में चार बार रिहाई की जा रही है।