
Ind Vs Aus Cricket Test: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर के क्रिकेट की पहचान होलकर राजवंश से रही है। कभी होलकर स्टेट टीम ही भारतीय टीम कहलाती थी। उन्हीं की जमीन पर बने स्टेडियम का नाम होलकर स्टेडियम रखा गया है, मगर इस स्टेडियम के बनने के बाद से पहली बार बुधवार को होलकर रियासत के नरेश रिचर्ड होलकर कोई अंतरराष्ट्रीय मैच देखने आएंगे। भारत व आस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच की शुरुआत लार्ड्स व कोलकाता की तर्ज पर घंटी बजाकर हुई। यह पहला अवसर है जब इंदौर के होलकर स्टेडियम में किसी टेस्ट मैच की शुरुआत पीतल की घंटी बजाकर की। हर दिन खेल शुरू होने से पांच मिनट पहले खेल से जुड़ी हस्तियां घंटी बजाकर दिन के खेल की शुरुआत करेंगी।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में रणजी चैंपियन होलकर टीम की तस्वीरें लगी हैं। टीम के साथ बैठा बच्चा ही रिचर्ड होलकर हैं। अब वे बुजुर्ग हो चुके हैं।
पूर्व भारतीय चयनकर्ता संजय जगदाले ने बताया कि यह प्रदेश क्रिकेट के लिए गौरव का पल है कि उस होलकर परिवार के सदस्य यहां मौजूद हैं। महाराज यशवंत राव होलकर एकमात्र ऐसे राजा थे जिन्होंने कभी किसी खिलाड़ी की जगह नहीं ली। वे ड्रेस पहनकर मैच देखते थे। होलकर परिवार के सम्मान में ही उषाराजे होलकर और सतीष मल्होत्रा गेट यहां बनाए गए हैं। स्टेडियम का नाम भी होलकर स्टेडियम रखा गया है। उन्होंने कहा- 1968 में हम अभा यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट का फाइनल खेलने अहमदाबाद गए थे। मगर विमान से जाने के पैसे न थे। तब अशोक जगदाले, विजय नायडू, नरेंद्र मेनन, गुलरेज अली को उषाराजे होलकर ने विमान का टिकट कराकर मद्रास भेजा था।