
Ind Vs Aus Cricket Test: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर के होलकर स्टेडियम में बार्डर-गावसकर ट्राफी के तहत खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले ही दिन पिच पर मिल रहे बड़े टर्न को लेकर सभी जगह सवाल उठने लगे हैं। पिच पर पहले दिन के छठे ओवर के बाद से ही गेंद ने स्पिन लेना शुरू कर दिया था। सामान्यत: पिच दूसरे दिन से टर्न लेती है, लेकिन इस पिच पर पहले ही घंटे में कुछ ज्यादा ही टर्न दिखाई देने लगा था।
किसी ने सोचा भी नहीं था कि भारतीय पारी पहले दिन स्पिनरों के आगे आधे दिन में ही घुटने टेक देगी। आस्ट्रेलियाई स्पिन गेंदबाजों के आगे भारतीय टीम बिखरती चली गई। क्रिकेट के दिग्गजों से लेकर मैदान में बैठे प्रशंसक भी पिच के घुमाव को लेकर ही चर्चा कर रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पिच के ही चर्चे हैं। कइयों का कहना था कि इस पिच पर मैच दो दिन में ही खत्म हो जाएगा।
मैच शुरू होने से पहले ही इंदौर की पिच को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी। मैच लाल मिट्टी या काली मिट्टी पर होगा, इस बात को लेकर असमंजस की स्थिति थी। नागपुर और दिल्ली के टर्नर के बाद बीसीसीआई पिच को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा था। होलकर स्टेडियम में पहले यह मैच लाल मिट्टी वाली पिच पर होना था, जिस पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। लेकिन ऐन मौके पर पिच बदल दी गई। बाद में काली मिट्टी की पिच पर मैच कराने का निर्णय लिया गया, जो कि स्पिनरों की मददगार है।