
Ind Vs Aus Cricket Test: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर होलकर स्टेडियम में खेले जा भारत और आस्ट्रेलिया टेस्ट मैच के दौरान बुधवार को भारत के पहले टेस्ट कप्तान सीके नायडू की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस दौरान रिचर्ड होलकर, बीसीसीआइ के पूर्व सचिव संजय जगदाले, दोनों टीमों के कप्तान, एमपीसीए के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। इस प्रतिमा को मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के म्यूजियम में रखा जाएगा।
इधर, बार्डर-गावस्कर ट्राफी के तहत भारत-आस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच शुरू होने से पहले स्टेडियम के बाहर दर्शकों की भीड़ जुटी। उनमें मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह था। भारत के क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि तीसरा टेस्ट मैच भी भारत ही जीतेगा। मैच को देखने आस्ट्रेलिया से भी प्रशंसक आए हैं।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में अब तक 11 मैच खेले गए हैं। इनमें छह वनडे, तीन टी-20 तथा दो टेस्ट मैच शामिल हैं। इंदौर के इस स्टेडियम में 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने पांच विकेट पर 557 रन का स्कोर बनाया था। यह इस मैदान पर किसी भी टीम का सर्वोच स्कोर है। इसी मैदान पर भारत के मयंक अग्रवाल बांग्लादेश के खिलाफ 243 रन बना चुके हैं। यह इस मैदान पर सर्वोच व्यक्तिगत स्कोर है। इस स्टेडियम में दो दोहरे शतक भी लग चुके है। मयंक के अलावा विराट कोहली भी यहां दोहरा शतक लगा चुके हैं।

देश की क्लीन सिटी इंदौर में आस्ट्रेलिया के फैंस ने हाथ में झाड़ू लेकर दिया नो स्वीप का संदेश.. आस्ट्रेलियन फैंस का यह संदेश टीम के खिलाड़ियों के लिया है कि तीसरे और अंतिम टेस्ट में भारतीय स्पिनर्स के सामने स्वीप शॉट खेलने से करना होगा परहेज। गौरतलब है कि शुरुआती दो टेस्ट में आस्ट्रेलिया टीम के प्रमुख बल्लेबाज भारतीय स्पिनर्स के सामने स्वीप शॉट के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे थे।