इंदौर, Independence Day 2021। मालवा-निमाड़ अंचल के उज्जैन, देवास, धार, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, झाबुआ, आलीराजपुर, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर और नीमच जिलें में धूमधाम के साथ स्वतंत्रता दिवस का कार्यकम आयोजित किया गया। इस दौरान जिलों में प्रभारी मंत्री और कलेक्टर ने ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रा दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी के अमृत महोत्सव में सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी जिलों में पुलिस परेड के साथ रंगा-रंग कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई।
बुरहानपुर में प्रभारी मंत्री प्रेमसिंह पटेल की तबीयत खराब, कलेक्टर ने किया झंडावंदन
राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस बुरहानपुर जिले में रविवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर सहित अंचल में जगह-जगह झंडावंदन हुआ। देशभक्ति तराने गूंजे। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम पर सुबह नौ बजे से शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पशुपालन, डेयरी, सामाजिक न्याय व नि:शक्तजन कल्याण विभाग मंत्री प्रेमसिंह पटेल का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने से वे मुख्य समारोह में नहीं आ सके। प्रभारी मंत्री पटेल के नहीं आ पाने पर कलेक्टर प्रवीणसिंह ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। मैदान पर देशभक्ति नारे गूंजे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के प्रदेश वासियों के नाम संदेश का वाचन किया। परेड कमांडर द्वारा हर्ष फायर किया गया। इसके बाद आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। मार्चपास्ट के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। देशभक्ति तरानों पर कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके बाद पुरस्कार वितरण हुआ। मुख्य समारोह के अलावा जिलेभर में बैंक, सरकारी दफ्तर, शैक्षणिक संस्थाओं, निजी संस्थाओं में ध्वजारोहण किया गया। वहीं नेपानगर में मुख्य समारोह स्थानीय पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नेपा लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक कमोडोर सौरभ देब ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। कार्यक्रमों के दौरान कोरोना गाइड लाइन का ध्यान रखा गया। वहीं जिले के 300 से ज्यादा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को संजीदगी और वीरता के साथ अपने कर्तव्य निभाने पर कर्मवीर योद्धा पदक दिया गया।