India Smart City Conclave: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। दो दिवसीय इंडिया स्मार्ट सिटीज कान्क्लेव 2023 में देशभर से आने वाले मेहमान थ्रीडी प्रदर्शनी के माध्यम से इंदौर सहित देश के अलग-अलग शहरों के नवाचार की जानकारी प्राप्त करेंगे। ये मेहमान स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंदौर में किए गए विकास कार्यों को प्रत्यक्ष जाकर देखेंगे। इन मेहमानों के महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जाने की व्यवस्था भी रहेगी।
स्मार्ट सिटी मिशन के संयुक्त सचिव कुणाल कुमार ने बताया कि वर्ष 2015 से शुरू हुए स्मार्ट सिटी मिशन में शुरुआत में सिर्फ 20 शहर शामिल किए गए थे। वर्ष 2018 में शहरों की संख्या 100 हो गई। यह पहला मौका था जब किसी देश ने एक साथ 100 शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की चुनौती स्वीकारी थी। हमने इस मिशन के तहत छह हजार से ज्यादा प्रोजेक्ट हाथ में लिए। इन पर एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा रकम खर्च की जा चुकी है। जो प्रोजेक्ट अब तक अधूरे हैं, वे 30 जून 2024 तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएंगे।
कुणाल कुमार ने बताया कि स्मार्ट सिटी को परिभाषित करना बहुत मुश्किल है। देश के हर स्मार्ट शहर ने कुछ न कुछ नया किया है। हर शहर के पास अपने नवाचार बताने को हैं। बेंगलुरु ने स्मार्ट अस्पतालों को लेकर काम किया है तो वडोदरा ने यातायात को लेकर। इंदौर के पास भी मेहमानों को दिखाने के लिए बहुत कुछ है। देश में 5500 शहर हैं। पहले चरण में 100 शहरों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की चुनौती ली गई। अब हमारे सामने शेष शहरों को विकसित करने की चुनौती है।
कलेक्टर इलैया राजा टी ने बताया कि कान्क्लेव में शामिल होने के लिए देशभर से आ रहे मेहमानों का परंपरागत तरीके से स्वागत किया जाएगा। मेहमानों के इंदौर में कदम रखने से लेकर उनके वापस जाने तक का कार्यक्रम पहले से तय है। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मेहमानों के होटल से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था इंदौर के 22 होटलों में की गई है। इनके आसपास के अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। कार्यक्रम स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में एक अस्थायी अस्पताल भी बनाया गया है। यहां डाक्टरों की एक टीम 24 घंटे तैनात रहेगी। मेहमानों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर हर सभागृह में एक नोडल अधिकारी की तैनाती की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर अलग-अलग सत्र में कार्यक्रम होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मेहमान इंदौर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 56 दुकान के विकास, बीआरटीएस, कबीटखेड़ी एसटीपी, स्वच्छता प्रक्रिया आदि को देखने के लिए भी जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर 800 बच्चे वालेंटियर के रूप में तैनात रहेंगे। यातायात की सुचारु व्यवस्था के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।
कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रपति बुधवार सुबह 10.25 बजे इंदौर विमानतल पर उतरेंगी। 10.55 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी। सुबह 11 बजे प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। 11.20 बजे से दोपहर 12.55 बजे तक राष्ट्रपति इंडिया स्मार्ट सिटीज पुरस्कार प्रतियोगिता आइएसएसी 2022 के विजेता शहरों को सम्मानित करेंगी। दोपहर 2.20 बजे राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल से विमानतल के लिए रवाना हो जाएंगी। 3.05 बजे उनका विमान उड़ान भरेगा।