Indigo Flight: रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट की इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग, 51 यात्री सवार थे
Indigo Flight: घटनाक्रम मंगलवार सुबह का है। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान यात्री घबरा गए, हालांकि सभी सुरक्षित हैं। बाद में फ्लाइट को रद कर दिया गया। यात्रियों को रिफंड या फ्लाइट री-शेड्यूलिंग के ऑप्शन दिए गए हैं।
Publish Date: Tue, 08 Jul 2025 12:34:36 PM (IST)
Updated Date: Tue, 08 Jul 2025 12:34:36 PM (IST)
इंडिगो फ्लाइट (फाइल फोटो)नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर/रायपुर : इंदौर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट (सिक्स-ई-7295, एटीआर) को मंगलवार सुबह तकनीकी खराबी के बाद देवी अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि सुबह 6:30 बजे उड़ान भरने के लगभग आधे घंटे बाद विमान में फॉल्स अलार्म के संकेत मिलने लगे। इसके बाद पायलट ने एहतियातन फ्लाइट को वापस इंदौर लाने का फैसला किया।
सुबह करीब 7:15 बजे विमान सुरक्षित रूप से इंदौर एयरपोर्ट पर उतर गया। इस दौरान विमान में सवार यात्री घबराए हुए थे, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं। तकनीकी जांच के बाद इस उड़ान को रद्द कर दिया गया और यात्रियों को टिकट का पैसा वापस लेने या बुकिंग रीशेड्यूल करने के विकल्प दिए गए हैं।
विमान की गहन तकनीकी जांच की जा रही है। हाल ही में हुए अहमदाबाद हादसे के बाद एयरलाइंस तकनीकी खामियों को लेकर अधिक सतर्कता बरत रही हैं।