इंदौर, नईदुनिया प्रतिनिधि Indore Shirdi Flight । देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर से निजी उड़ान कंपनी इंडिगो सबसे अधिक उड़ानों का संचालन कर रही है। कंपनी की इंदौर से हर दिन 28 उड़ानें जा रही है। वहीं अब कंपनी महाराष्ट्र के शिर्डी के लिए भी उड़ान शुरू करने की योजना बना रही है।
देशभर के एयरपोर्ट पर 31 अक्टूबर से विंटर शेडयूल लागू हुआ है। इसके अनुसार इंडिगो ही इंदौर से सबसे अधिक उड़ानों का संचालन कर रही है। कंपनी की हर दिन 28 उड़ाने यहां से जा रही है, जबकि इतनी ही उड़ानें यहां पर आ रही है। इसके अलावा विस्तारा, एयर इंडिया, ट्रूजेट और स्टार एयर भी संचालन कर रही है। लगभर हर प्रमुख शहर के लिए इंडिगो उड़ानों का संचालन कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार अब कंपनी शिर्डी के लिए उड़ान का संचालन करने की तैयारी में है। दोनों शहर के बीच कंपनी लाकडाउन के पहले भी उड़ान का संचालन करती थी, जिसे अच्छा रिस्पांस मिल रहा था। कंपनी दोनों शहरों के बीच में 72 सीटर एटीआर विमान का संचालन कर रही थी, लेकिन लाकडाउन में इसे बंद कर दिया गया था।
फ्लायबिग के आने में भी देरी
ट्रेवल एजेंटों के अनुसार विंटर शेडयूल में एक अन्य निजी उड़ान कंपनी फ्लायबिग ने भी इंदौर आने की घोषणा की थी, लेकिन उड़ान कंपनी अब तक नहीं आई है। हमारे पास भी इसकी सूचना नहीं है। कंपनी के पास विमानों की कमी है। एक विमान का उपयोग कंपनी नार्थ इस्ट में कर रही है जबकि दूसरा विमान अभी आ नहीं पाया है।
इतने शहरों के लिए इंडिगो की उड़ानें
लखनऊ, मुंबई, जबलपुर, जोधपुर, अहमदाबाद, बेंगलुरु, रायपुर, दिल्ली, चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, पुणे, गोवा, नागपुर, प्रयागराज, जयपुर, सूरत और कोलकाता।
लगातार बढ़ रही यात्री संंख्या
जानकारी के अनुसार दूसरी लहर के बाद जब से हवाई यातायात सामान्य हुआ है। तब से यात्रियों की संख्या में धीरे -धीरे वृद्धि हो रही है। क्वारंटाइन नियम और आरटीपीसीआर जांच में छूट मिलने से यात्री यात्रा करने लगे हैं। सितंबर में ही इंदौर एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मिला कर एक लाख 50 हजार 537 यात्रियाें ने सफर किया, जबकि सितंबर 2020 में यह संख्या मात्र 51 हजार 551 थी।
एएआई के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2021 से सिंतबर 2021 तक इंदौर एयरपोर्ट से पांच लाख 13 हजार 939 यात्रियों ने सफर किया है, जबकि अप्रैल 2020 से सिंतबर 2020 तक यह आंकड़ा एक लाख 36 हजार 323 ही था।