Indore Airport: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर सोना तस्करी का फिर एक मामला पकड़ा गया है। इंदौर कस्टम कमिश्नरेट की एयर इंटेलीजेंस यूनिट ने ताजा मामले में तीन यात्रियों से सोना बरामद किया। अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए यात्री चांदी के रंग में रंगकर सोना लाए थे। दुबई से लाए गए इस सोने की तस्करी करने वाले यात्री दिल्ली, जोधपुर और नागपुर के रहने वाले हैं।
एयर इंटेलीजेंस यूनिट के अनुसार, गुरुवार शाम दुबई से इंदौर आई एयर इंडिया की उड़ान संख्या आइएक्स-258 से उतरे तीन यात्रियों को शक के आधार पर पकड़ा। दरअसल, तीनों यात्रियों के पास औपचारिक तौर पर न कोई नौकरी थी, न नियमित आय का स्रोत। इसके बाद भी उनकी दुबई यात्रा पर शक हुआ। शक के आधार पर यात्रियों से पूछताछ शुरू करते हुए जांच की। इस दौरान एक्सरे में एक यात्री के शरीर के भीतर कुछ छुपाने की जानकारी मिली।
एक यात्री ने सोने को पेस्ट में तब्दील कर कैप्सूल में डालकर गुप्तांग में छुपाया था। इस यात्री के पास से सोने का ब्रेसलेट और अंगूठी भी मिली। ब्रेसलेट और अंगूठी पर चांदी (सिल्वर) की प्लेटिंग की गई थी। दूसरे यात्री के पास रोडियम कोटिंग किया सोने का कड़ा और चेन बरामद हुई। छुपाने के लिए इस कड़े का रंग बदल दिया गया था। तीसरे यात्री के बेल्ट में भी सोने का बक्कल लगा था। वह भी सोने का कड़ा और चेन पहने हुए था, लेकिन रोडियम की कोटिंग कर उसका रंग चांदी जैसा कर दिया था।
तीनों यात्रियों से कुल एक किलो सात सौ ग्राम सोना बरामद किया गया। इसे कस्टम ने जब्त कर यात्रियों से पूछताछ शुरू की है। यात्रियों पर शक है कि वे सोना तस्करी करने वाले गिरोह के लिए कोरियर का काम करते हैं।