
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। असिस्टेंट पोस्टमास्टर उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति अखिलेश सैनी की तलाश तेज कर दी गई है। थाना संयोगितागंज पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए 20 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार थाना संयोगितागंज में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत बीएनएस 2023 की धारा 103(1) में मामला दर्ज है। आरोपी अखिलेश सैनी (43), पिता सीताराम सैनी, निवासी शासकीय क्वार्टर, पोस्टल कॉलोनी, मनोरमागंज, घटना के दिन से ही फरार है।
थाना संयोगितागंज ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे तो तत्काल थाना प्रभारी 9407078154, थाना नंबर 7701049729 अथवा एसीपी संयोगितागंज 8518806879 पर सूचना दें। सूचना देने वाले को 20 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें भोपाल, धार और आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं। तकनीकी सर्विलांस के साथ आरोपी के रिश्तेदारों और परिचितों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। इसके बावजूद हत्याकांड के दिन से अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।