
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एबी रोड पर जोमैटो डिलीवरी ब्वाय से मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाशों को एमआईजी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों तक पहुंचने के लिए एलआइजी चौराहे से लवकुश चौराहे तक 120 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले। खास बात यह रही कि आरोपितों की तलाश में पुलिस को एक बिरयानी के ठेले से सुराग मिला।
7 अगस्त की रात करीब 2 बजे जोमैटो डिलीवरी ब्वाय हिम्मत सिंह जाटव लोटस चौराहे से एलआइजी की ओर जा रहा था। गुरुद्वारे के पास आटो सवार युवक ने बाइक रुकवाई और मोबाइल लूट लिया। आटो में एक युवती भी बैठी थी।
इसके बाद पुलिस ने आटो चालक राज रणोंजा निवासी ओम विहार कालोनी पल्हर नगर और उसके साथी जय चंदेरी निवासी सनन चौपाटी कुक्षी धार को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल लूटना स्वीकार किया। पुलिस ने आटो और लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी दोस्त हैं। घटना वाली रात जय अपनी महिला मित्र को उज्जैन घुमाने ले जा रहा था। रास्ते में दोनों ने पहले बीयर पी, फिर बिरयानी खाई और उसके बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें- मुफ्त की शराब बनी चोरों की सबसे बड़ी मुसीबत, गतौरा शराब भट्ठी में लूट की कोशिश का हुआ पर्दाफाश