
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर(Leopard in Indore)। मांगलिया-राऊ बायपास स्थित एक टाउनशिप में बुधवार रात तेंदुआ नजर आया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गुरुवार सुबह सिक्योरिटी गार्ड ने तेंदुए की हलचल के बारे में रहवासियों को बताया। इससे टाउनशिप में दहशत फैल गई। वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
कई घंटों तक अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि वन अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि तेंदुआ कहां से आया था। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुआ रालामंडल अभयारण्य की ओर से भटककर टाउनशिप में आ गया होगा, क्योंकि टाउनशिप और अभयारण्य के बीच की दूरी काफी कम है।
वन अधिकारियों के अनुसार बढ़ती गर्मी के कारण तेंदुआ पानी की तलाश में जंगल से बाहर आया होगा। बुधवार रात तेंदुआ बायपास से लगी सिल्वर स्प्रिंग फेस-2 टाउनशिप में देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में वह एक खाली प्लाट पर घूमता नजर आया।
करीब एक घंटे तक टाउनशिप में उसकी हलचल देखी गई। इसके बाद टाउनशिप कमेटी ने रहवासियों को सतर्क रहने की हिदायत दी। खासकर उन लोगों को जो सुबह और शाम टहलने के लिए उसी क्षेत्र में जाते हैं। गुरुवार सुबह 10 बजे वन विभाग की रेस्क्यू टीम टाउनशिप पहुंची।
सबसे पहले अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि हुई। इसके बाद फुटेज के आधार पर सर्च आपरेशन चलाया गया। कुछ स्थानों पर तेंदुए के पैरों के निशान भी मिले हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तेंदुआ देवगुराडिया क्षेत्र से आया था या रालामंडल अभयारण्य से।
234 हेक्टेयर में रालामंडल अभयारण्य फैला है। यहां कई बार तेंदुओं की मौजूदगी देखी गई है। अभयारण्य में कुल सात तेंदुए हैं, जिसमें पांच वयस्क और दो शावक हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभयारण्य के एनिमल जोन में तेंदुओं के पंजों के निशान और विष्ठा कई बार मिले हैं।
मार्च से गर्मी बढ़ने लगती है। ऐसे में तेंदुए सहित अन्य वन्यप्राणी पानी और भोजन की तलाश में जंगल से बाहर आते हैं। बुधवार को टाउनशिप में देखे गए तेंदुए के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है कि वह किसी दिशा से टाउनशिप में आया है। वहीं रहवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। - योगेश यादव रेंजर, रालामंडल अभयारण्य
ढाई महीने में तीसरी घटना
जनवरी से मार्च के बीच बायपास से सटे इलाकों में तेंदुआ दिखने की यह तीसरी घटना है।