
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर Indore News। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच और कार्रवाई के घेरे में आए इंदौर के कांग्रेस नेता विशाल (गोलू) अग्निहोत्री खुद का एक क्रिप्टो क्वाइन लाने की तैयारी में थे। यह भी पता चला है कि दुबई में कांग्रेस नेता द्वारा कई कंपनियां रजिस्टर्ड करवाई गई हैं।
ये कंपनियां अपने कर्मचारी और परिचितों के नाम पर बनाई हैं। कई परिचितों को अपने साथ दुबई की सैर भी कराई थी। जांच के दौरान कांग्रेस नेता के लैपटाप के साथ इलेक्ट्रानिक दस्तावेज ईडी ने जब्त किए हैं। करीबियों को भी जांच के घेरे में लिया गया है।
अग्निहोत्री के ईडी की कार्रवाई दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रही। इस दौरान ईडी के हाथ कुछ शैल कंपनियों के दस्तावेज लगे हैं। इनसे पता चला है कि कांग्रेस नेता द्वारा खुद की एक क्रिप्टो करंसी जारी करने की तैयारी की जा रही थी।
इस दौरान अधिकारियों का एक और दल भी इंदौर पहुंचा। एक दल सिल्वर स्प्रिंग टाउनशिप के एक फ्लैट में भी जांच के लिए गया। इस बीच कुछ कर्मचारी व नौकरों से भी पूछताछ की गई। हालांकि ईडी ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
ईडी के छापे में अवैध हथियार भी मिले हैं। असिस्टेंट डायरेक्टर (एडी) प्रियांकुश की टीम गोलू अग्निहोत्री से जुड़े तरुण राजेंद्र श्रीवास्तव के घर सिंगापुर टाउनशिप में भी सर्चिंग कर रही है। तरुण के विरुद्ध फेमा, क्रास बार्डर इंटरनेशनल कनेक्शन, हवाला, बैटिंग और डिब्बा कारोबार की जांच चल रही है।
एडी के मुताबिक टीम को तरुण के घर सर्चिंग में एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और पांच कारतूस मिले हैं। मंगलवार देर रात लसूड़िया पुलिस ने तरुण के पर एफआईआर दर्ज कर ली। तरुण फिलहाल मुंबई में है। उसकी पत्नी और भाई से पूछताछ जारी है। ईडी ने अंकित (लसूड़िया), विनोद मित्तल (जानकीनगर) के घर में भी सर्चिंग की है।