
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शादी समारोह के लिए इंदौर से गोवा जाने के लिए बुक कराई गई चार्टर फ्लाइट रद्द होने के बाद बुकिंग की राशि वापस नहीं करने पर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने एयर एशिया लिमिटेड को सेवा में कमी का दोषी माना है।
आयोग ने एयर एशिया को परिवादी की 8 लाख 50 हजार रुपये की राशि 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ लौटाने का आदेश दिया है। इसके अलावा मानसिक परेशानी और परिवाद व्यय के लिए 50 हजार रुपये देने के निर्देश भी दिए हैं। कंपनी को आदेश का पालन 60 दिन में करना होगा। जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार तिवारी और सदस्य सरोज मिमरोट ने यह आदेश पारित किया है।
परिवादी संजय गौरानी ने जनवरी 2022 में परिवार में आयोजित विवाह समारोह के लिए इंदौर से गोवा आने-जाने के लिए चार्टर फ्लाइट बुक कराई थी। इसके लिए फ्लाइट में करीब 180 यात्रियों की व्यवस्था की गई थी। बुकिंग के लिए ट्रैवल एजेंसी फ्लाइंग्स हॉलीडेज और एयर एशिया के प्रतिनिधियों से बातचीत हुई थी। परिवादी ने बुकिंग के लिए 11 लाख रुपये की अग्रिम राशि भी जमा कराई थी।
इस बीच कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर और बढ़ते मामलों को देखते हुए गोवा सरकार ने सार्वजनिक आयोजन और समारोहों को लेकर प्रतिबंध लागू कर दिए। इसके चलते चार्टर फ्लाइट का कार्यक्रम रद्द करने की स्थिति बन गई। परिवादी ने फ्लाइट रद्द होने के बाद जमा कराई गई राशि वापस मांगी, लेकिन उसे पूरी राशि नहीं मिली। इस पर उसने उपभोक्ता आयोग में परिवाद प्रस्तुत किया।
परिवाद की सुनवाई के दौरान एयर एशिया की ओर से तर्क रखा गया कि बुकिंग रद्द होने और रिफंड की शर्तें अनुबंध अनुसार थीं। आयोग ने दोनों पक्षों के दस्तावेजों, ई-मेल और बुकिंग से संबंधित शर्तों की जांच की। आयोग ने पाया कि एयरलाइन को चार्टर फ्लाइट के संचालन के लिए अग्रिम राशि प्राप्त हुई थी, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के बाद भी उसने संबंधित राशि वापस नहीं की। आयोग ने माना कि एयरलाइन द्वारा सेवा में कमी की गई है और वह परिवादी को प्राप्त अग्रिम राशि लौटाने के लिए जिम्मेदार है।
आयोग ने एयर एशिया को 8.50 लाख रुपये की राशि 4 जनवरी 2022 से भुगतान होने तक 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करने का आदेश दिया है। साथ ही मानसिक परेशानी और परिवाद व्यय के लिए 50 हजार रुपये अतिरिक्त देने को कहा है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित 60 दिन की अवधि में भुगतान करना होगा।