Indore Crane Accident: इंदौर।नईदुनिया प्रतिनिधि। बाणगंगा ब्रिज पर चार लोगों की जान लेने वाली क्रेन की मैकेनिकल जांच चल रही है।विशेषज्ञों का दावा है कि ब्रेक में एयर प्रेशर कम था। चालक ढलान पर भी तेज गति से क्रेन चला रहा था। वह नियंत्रण नहीं कर पाया और बाइक सवारों को कुचल डाला। पुलिस ने इसी वजह से चालक अनीस पर धारा-304 के तहत केस दर्ज किया है। लापरवाही में संचालक भी जांच की जद में आ गए हैं।
भगतसिंह मार्ग(बाणगंगा ब्रिज) पर मंगलवार शाम मेसर्स सुरेंद्र शुक्ला फर्म की क्रेन(एचआर-38बी-2002) के कुचलने से बाइक सवार सुनील परमार(संगमनगर) और रितेश किशोरी, शरद उर्फ अतु किशोरी और राज जंगीराम की मौत हुई थी।
पुलिस ने मंगलवार देर रात घायल शारदा किशोरी के कथन लिए तो उसने बताया क्रेन तेज गति में आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने चालक अनीस के खिलाफ धारा 304 के तहत केस दर्ज किया। बुधवार को क्रेन की जांच के लिए आरटीओ और पीडबल्यूडी अफसरों की टीम पहुंची।
इंजीनियर धीरेंद्र नेमा ने पुलिस लाइन में क्रेन चला कर देखी। क्रेन के गियर और टायर सही सलामत पाए गए हैं।ब्रेक में एयर प्रेशर कम पाया गया है। ढलान पर तेज चलाने के कारण उसने झटके से ब्रेक दबा दिए। जबकि उसे दो-तीन बार प्रेशर लेना था।
इससे स्पष्ट है अनीस आगे निकलने की होड़ में तेज रफ्तार में आ रहा था। कम एयर प्रेशर होने के बाद भी क्रेन चलाने के आरोप में संचालक भी जांच की जद में आ गए हैं। हालांकि विशेषज्ञ ने अपनी रिपोर्ट नहीं बनाई है। आरटीओ और एमटीओ का मत आना शेष है।