
Indore Crime News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में इवेंट कंपनी संचालक तुषार संगर हत्याकांड के आरोपित गोलू उर्फ लईक की सफेदपोश मदद कर रहे हैं। कपड़ा व्यवसायी आर्थिक मदद और ट्रैवल संचालक कार मुहैया करवाता है। युवतियां फरारी और सूचना देने में मदद कर रही हैं। यह खुलासा उसकी गैंग हिस्ट्रीशीट में हुआ है जिसे एमआइजी पुलिस ने तैयार की है।
द एड्रेस टाउनशिप निवासी 36 वर्षीय तुषार राहुल संगर की छोटी खजरानी निवासी गुंडे गोलू उर्फ लईक, छोटा आदिल और लोकेश ने नया बसेरा में चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपित गोलू और आदिल जेल में बंद सलमान लाला के भाई और दोनों पर तीन दर्जन अपराध पंजीबद्ध हैं। गोलू क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश हो चुका है। पूछताछ में पता चला कि उसकी रेडीमेड कपड़ा व्यवसायी नेहरू नगर और ट्रैवल संचालक (मेदांता अस्पताल के पास) मदद करता है। व्यवसायी उसे आर्थिक मदद पहुंचाता है। ट्रैवल्स वाला उसके लिए कार की व्यवस्था करता है। गोलू के हिंदू युवतियों से प्रेम संबंध हैं। एक युवती तो उसे पुलिस की गतिविधियों की जानकारी भी देती है। सूत्रों के मुताबिक, हत्याकांड के बाद पुलिस ने इस युवती को ही हिरासत में लिया था। वीडियो काल पर बात करवाने पर युवती ने उसे बुलाया तो वह भोपाल में पदस्थ एक पुलिसकर्मी के माध्यम से क्राइम ब्रांच पहुंच गया।
गवाही से मुकरे प्रत्यक्षदर्शी, पुलिस ने नोटिस देकर बुलाया - आरोपित हिंदू बहुल इलाके में रहते हैं लेकिन खौफ इतना है कि इनके खिलाफ कोई गवाही नहीं देता। तुषार हत्याकांड का कुछ लोगों ने वीडियो बनाया, लेकिन किसी ने पुलिस की मदद नहीं की। प्रत्यक्षदर्शियों ने तो कथन देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने करीब 15 लोगों को धारा 160 के तहत नोटिस जारी कर बुलाया तो बहाने बनाने लगे। इसके बाद पुलिस ने सबक सिखाने की ठानी और आरोपितों की अवैध संपत्ति की जानकारी जुटाई। पुलिस ने गैंगस्टर के भाई सिद्धू को भी मुलजिम बनाया और जावेद (चाचा) सहित सलमान के मकानों की सूची नगर निगम को सौंप दी।
आरोपितों के मकान होंगे ध्वस्त - शनिवार को निगमायुक्त प्रतिभा पाल खुद अमला लेकर छोटी खजरानी पहुंची थी और उस संपत्ति को चिन्हित किया जहां तोड़फोड़ करनी है। जावेद लाला का चाचा है और वह भी मदद करता है। आदिल का पिता सलीम नगर निगम में ही नौकरी करता है और उसका मकान कब्रिस्तान में बना हुआ है।
बिल्डर-फाइनेंसर के बेटे-बेटियों से दोस्ती - गैंगस्टर सलमान पर खजराना, विजय नगर, संयोगितागंज, एमआइजी थाने में कई केस दर्ज हैं। बार-होटल और पब में पार्टियां करने का शौकीन लाला की बड़े बिल्डर, फाइनेंसर के बेटे-बेटियों से दोस्ती है। कुछ बच्चों से तो वह लूट और मारपीट के अपराध करवा कर ब्लैकमेल करता है।