
Indore Crime News: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। संयोगितागंज थाने के समीप दो बदमाशों ने बुजुर्ग को लूट लिया। बदमाशों ने टक्कर मारने का आरोप लगाया और तलाशी लेकर 4500 रुपये व महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए। आरोपितों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
.jpg)
पुलिस के मुताबिक, घटना नार्थ मूसाखेड़ी निवासी 60 वर्षीय सुनील मेहरा के साथ हुई है। सुनील इंदौर विकास प्राधिकरण में वायरमैन की नौकरी करते हैं। शनिवार को वे बेटी के लिए पिचकारी खरीदने आए थे। आरोपितों ने छावनी चौराहे पर पंजाब स्पोर्ट्स के समीप रोका और सुनील को फटकार लगाई कि तुमने हमारी बहन को कट मारी है।
आरोपितों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और धमकाने लगे। सुनील की तलाशी ली और 4500 रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन निकाल लिया। पुलिस ने शनिवार रात एफआइआर दर्ज की और रात में ही एमआइजी से ललित को पकड़ लिया। रविवार शाम पुलिस ने उसके साथी आशीष को भी गिरफ्तार कर लिया।