
Indore Crime News : इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। तीन तलाक बोलकर पत्नी को घर से निकालने का मामला सामने आया है। सदर बाजार थाना पुलिस के मुताबिक, फरियादी 42 वर्षीय जाहिदा बी निवासी गफ्फूर खां की बजरिया है। पति मोहम्मद खालिक कुरैशी निवासी हिना पैलेस से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। इस दौरान पति ने तीन बार तलाक बोलते हुए जाहिदा को घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामले में पति पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है। थाना प्रभारी सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि पति ने पत्नी से कहा कि वह उसे पसंद नहीं है। इस बात को लेकर विवाद हुआ।
बाइक सवार बदमाश ने पैदल जा रहे युवक का मोबाइल छीना
इंदौर। पैदल घर जा रहे युवक के हाथ से एक बदमाश मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। एरोड्रम थाना पुलिस के मुताबिक फरियादी 22 वर्षीय आदित्य अग्रवाल निवासी अंबिकापुरी है। वह पैदल घर जा रहा था तभी पुलिस क्वार्टर के सामने 60 फीट रोड पर एक बाइक पर अज्ञात व्यक्ति पीछे से आया और आदित्य के हाथ से मोबाइल फोन झपटकर भाग गया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गुरुवार को केस दर्ज किया है।
रजिस्ट्री में गवाह बनने की बात को लेकर धमकाया
इंदौर। रजिस्ट्री में गवाह बनने की बात को लेकर एक व्यक्ति को धमकी दी गई। खजराना थाना पुलिस के मुताबिक फरियादी सादिक अली निवासी दौलत बाग झलारिया रोड खजराना है। आरोपित जाकिर खान निवासी दौलत बाग ने सादिक को फोन कर रजिस्ट्री में गवाह बनने की बात को लेकर गालियां तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले में शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार को जाकिर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
चोइथराम मंडी गेट के बाहर से कार चोरी
इंदौर। चोइथराम मंडी गेट के बाहर सर्विस रोड पर खड़ी कार को अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। राजेंद्र नगर थाना पुलिस के मुताबिक, फरियादी पवन पटेल निवासी वेंकटेश विहार छोटा बांगडदा है। अज्ञात बदमाश फरियादी की चोइथराम मंडी गेट के बाहर सर्विस रोड पर खड़ी अल्टो कार क्रमांक एमपी 09 एचई 3521 चुरा ले गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया है।