
Indore Crime News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में सी-21 मॉल के बाहर शराब के नशे में एक युवती ने बीच सड़क पर गुरुवार देर रात जमकर हंगामा किया। युवती ने पहले मॉल के अंदर हंगामा शुरू किया। इसके बाद पुलिस पहुंची तो उससे भी बदतमीजी करने लगी। हंगामा करते हुए बाहर आई तो डिवाइडर के पास जाकर बैठ गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, युवती सागर की रहने वाली है और इंदौर में पढ़ाई करती है। वह अपने दोस्त के साथ पब में पार्टी करने गई थी। इस दौरान अधिक शराब पीने के कारण वह हंगामा करने लगी। जिसे शक्ति मोबाइल की टीम बुलाकर महिला थाने भेजा और कार्रवाई की।
उधारी के 50 लाख रुपये मांगने गई मां-बेटी को पीटा
इंदौर में उधारी के 50 लाख रुपये मांगने गई मां-बेटी के साथ गुरुवार रात मारपीट कर दी गई। राऊ थाना पुलिस के अनुसार, पूजा मेकन (40) निवासी बैराठी कालोनी ने शिकायत की है। उन्होंने बताया कि मेरे पति स्व. मनिन्दर सिंह ने संतोष पुत्र दौलतराम को वर्ष 2015 में 50 लाख रुपये बिना ब्याज के उधार दिए थे। जब स्टेशन रोड़ स्थित उसके घर गई और उधार दिए रुपये मांगे तो गालीगलौज करने लगे। जब इसका विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। बेटी मन्नत के साथ भी बाल पकड़कर मारपीट की। मामले में संतोष और उसके साथी माखन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पति-पत्नी से मारपीट
इंदौर। पलासिया थाना क्षेत्र के विनोबा नगर में पति-पत्नी के साथ मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक, लखन बागवान (27) ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे कुणाल, राज और नवीन बिना किसी बात के गाली गलौज कर रहे थे। जब विरोध किया तो उन्होंने डंडे से हमला कर दिया। बीचबचाव करने पत्नी और पत्नी की बड़ी बहन आई तो उनके साथ भी मारपीट की। साथ ही कुल्हाड़ी से आटो रिक्शा के कांच फोड़ दिए। पुलिस केस दर्ज आरोपितों की तलाश में जुटी है।