
Indore Crime News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर की बाणगंगा थाना पुलिस ने मोहम्मद राशिद को एक महिला से अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित नग-नगीने बेचने और हस्तरेखा देखने के बहाने महिला से अश्लील हरकत कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, मूलत: अफजलगढ़ तहसील धामपुर जिला बिजनौर निवासी मोहम्मद राशिद बुधवार को रामनगर में नग-नगीने बेचने के लिए घूम रहा था। उसने एक महिला को हस्तरेखा देखने के बहाने रोका और अश्लील हरकत करने लगा। महिला के शोर मचाने पर भीड़ इकट्ठा हुई और आरोपित को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कनेक्शन काटने गए बिजली अफसर से मारपीट
इंदौर। द्वारकापुरी पुलिस ने बिजली अफसर से मारपीट के मामले में मकान मालिक पर केस दर्ज किया है। बिजली कनेक्शन काटने गए अफसर के साथ मारपीट हुई थी। फरियादी राकेश शाह निवासी गुमाश्ता नगर के मुताबिक, शांतिनाथपुरी में मनोरमा के मकान का बिल बकाया था। कनेक्शन काटने के बाद भी बगैर बताए जोड़ लिया गया था। बुधवार को जांच करने पहुंचे तो मकान पर आगे ताला लगा था और अंदर लाइट चालू थी। इस दौरान बिजली अफसर के साथ वैभव गायकवाड़ ने मारपीट की। शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और महिलाओं से झूठी शिकायत करवाने की धमकी दी।
दवा कारोबारी के नौकरों से 20 लाख के आभूषण बरामद
इंदौर। खजराना पुलिस ने दवा कारोबारी के घर में हुई 30 लाख की चोरी का राजफाश किया है। पुलिस ने दो नौकरों को गिरफ्तार कर 20 लाख के आभूषण बरामद कर लिए हैं। आरोपितों ने चोरी का माल राजस्थान में बेच दिया था। टीआइ दिनेश वर्मा के मुताबिक, 8 दिसंबर को विशाल नंदवानी निवासी आनंदा भवन की शिकायत पर केस दर्ज हुआ था। विशाल का दवाओं का व्यवसाय है। विशाल ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर को पत्नी ने अलमारी में जेवर रखे थे। आरोपित सोने की अंगूठी, ब्रेसलेट, चेन सहित करीब 30 लाख का माल चुरा लिया। आभूषणों में हीरे भी लगे हुए थे। पुलिस ने मामले में जांच की और नाबालिग नौकर सहित आरोपित सूरज को पकड़ लिया।