_2024222_235522_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आपराधिक प्रकरणों में जब्त 36 गाड़ियां शनिवार को नीलाम होगी। खजराना पुलिस ने उपायुक्त कोर्ट से अनुमति ली है। टीआइ उमरासिंह के मुताबिक गाड़ियों को पुलिस एक्ट के तहत जब्त किया गया था। लावारिश और अन्य मामलों में मिलें चार व दोपहिया वाहनों को नीलामी के दायरे में रखा है।
भंवरकुआं पुलिस ने दो वाहन चोर पकड़े है। आरोपितों मौज-मस्ती के लिए महंगी गाड़ियां चुराते थे। दोनों की युवतियों से दोस्ती है। उन्हें घुमाने और पार्टी देने के लिए गाड़ी चुरा कर बेच देते थे। पुलिस 10 गाड़ियां तो जब्त कर चुकी है। एक बदमाश दो बुलेट बाइक लेकर फरार हो गया है।
एसीपी देवेंद्रसिंह धुर्वे के मुताबिक आरोपित प्रभुसिंह भाटी निवासी विदासर चुरु(राजस्थान) और कपिल सोनी निवासी हरगांव खातेगांव(देवास) को पकड़ा है। प्रभु सर्वानंद नगर भोलाराम उस्ताद मार्ग पर रहता है। आरोपित अस्पताल, कोचिंग सेंटर, कालेज के आसपास रैकी कर स्कूटर,बाइक चुरा लेता था। साथी कपिल के माध्यम से पवन नामक चोर को बेच देता था।
एसीपी के मुताबिक पवन ग्राहकों से आर्डर लेकर कपिल और प्रभु को गाड़ी का मॉडल बता देता था। आरोपित उसी मॉडल और कंपनी की बाइक चुरा लेता था। आरोपितों से स्कूटर और बाइक बरामद कर ली है। दो बुलेट बाइक पवन लेकर फरार हो गया। एसीपी के मुताबिक आरोपितों की युवतियों से दोस्ती है। उन्हें नई-नई गाड़ियों पर घुमाने और उनको पार्टियां देने में रुपये खर्च कर देते थे।