Indore Cyber Crime: ई-मेल हैक कर कंपनी के खातों से 30 लाख 56 हजार रुपये निकाले
Indore Cyber Crime: इंदौर की एक प्राइवेट कंपनी में साइबर क्राइम का नया मामला सामने आया है। कंपनी के ई-मेल को हैक करके 30 लाख 56 हजार रुपये निकाल लिए गए। कंपनी में केवल 12 कर्मचारी काम करते हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने 10 लाख रुपये निकलने से बचा भी लिए।
Publish Date: Sun, 29 Jun 2025 11:28:12 AM (IST)
Updated Date: Sun, 29 Jun 2025 11:35:50 AM (IST)
साइबर अपराधियों ने हैक कर निकाल लिए रुपये।नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में निजी कंपनी के खातों में सेंध लगाकर ठग ने 30 लाख 56 हजार रुपये निकाल लिए। अपराध शाखा ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। कंपनी संचालक ने पूर्व कर्मचारी पर शक जताया है। पुलिस जांच कर रही है। कई लोगों के खाते जांच की जद में आ गए हैं।
पुलिस के मुताबिक विष्णुपुरी (एनएक्स) निवासी कुलदीप रघुवीरसिंह कालरा द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई है। उसकी पेजस पेमेंट्स (इंडिया) प्रालि के नाम से कंपनी है। इसमें ऑनलाइन बिलिंग, पेमेंट भुगतान, क्रेडिट कार्ड के पेमेंट का काम होता है।
12 कर्मचारी काम करते हैं कंपनी में
कंपनी में करीब 12 कर्मचारी नौकरी करते हैं। 29 मार्च को किसी ने खाते से 30 लाख 56 हजार रुपये निकाल लिए। कालरा ने पुलिस को बताया कि आरोपितों द्वारा कर्मचारी कोमलचंद कुशवाह का ई-मेल हैक कर लिया गया था। उसने कंपनी के एडमिन खाते में एंट्री की और दो बार में 30 लाख 56 हजार रुपये निकाल लिए।
हालांकि कर्मचारियों ने 10 लाख रुपये निकलने के पूर्व बचा लिए। बैंक स्टेटमेंट से पता चला कि रुपये जय टूर एंड ट्रैवल्स, सहित अंकित, आनंद, वेंकटेश्वर मोबाइल सहित अन्य खातों में जमा हुए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में केस दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूर्व कर्मचारी निशांत सोनी संदेही है। इसके पूर्व भी हेराफेरी के आरोप में उसे काम से निकाला गया है।