
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के तहत निर्माणाधीन इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना में सुरंग निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रगति के अनुसार सुरंग निर्माण के विभिन्न चरणों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार सुरंग निर्माण में सुरंग खुदाई के उपरांत लाइनिंग का कार्य सबसे महत्वपूर्ण चरणों में से एक है, जो सुरंग को स्थायित्व, मजबूती एवं दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करता है। परियोजना के तहत 2957 मीटर लंबी सुरंग में लाइनिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
इसके बाद सुरंग के भीतर बैलास्टलेस ट्रैक बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक 1216 मीटर बैलास्टलेस ट्रैक का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) फाइनल लेयर का 1470 मीटर व पीसीसी फर्स्ट लेयर का 2007 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में 810 मीटर में बैलास्टलेस ट्रैक एवं 740 मीटर पीसीसी निर्माण कार्य प्रगति पर है।
सुरंग में जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था को भी समानांतर रूप से विकसित किया जा रहा है। दोनों ओर की साइड ड्रेन, इनवर्ट ड्रेन व अन्य संरचनात्मक कार्यों का अधिकांश भाग पूरा हो चुका है।
इसके अतिरिक्त कट एंड कवर सेक्शन में ओवरट रिइनफोर्समेंट एवं लाइनिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। सुरंग को सुरक्षित एवं आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए आपातकालीन शरण स्थल (रिफ्यूज निच), बचाव एवं राहत कार्यों के लिए रेस्क्यू शाफ्ट व ताजी हवा के आवागमन के लिए वेंटिलेशन डक्ट का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- MP वालों के लिए खुशखबरी: अगस्त से फिर चलेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन, मानसून में उठा सकेंगे सफर का लुत्फ