
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर नगर निगम में कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जीत हासिल करने के बाद भाजपा में शामिल हुए तीन पार्षदों के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई का मामला हाई कोर्ट पहुंच गया है। इस संबंध में दायर याचिका पर सोमवार को सुनवाई होना थी, लेकिन कोर्ट ने इसे बुधवार तक के लिए टाल दिया।
नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीतने वाले पार्षद ममता सुनेरे, शिवम यादव और विनिता मौर्य बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। इनके खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने सरकार को आवेदन दिया था। इसमें तीनों पार्षदों के पद रिक्त घोषित करने और उपचुनाव कराने की मांग की गई थी।
मिमरोट के आवेदन को नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव ने निरस्त कर दिया था। इस आदेश को चुनौती देते हुए उन्होंने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। सितंबर में दायर यह याचिका पहली बार सुनवाई के लिए सोमवार को कोर्ट में सूचीबद्ध हुई थी। अब इस पर बुधवार को सुनवाई होगी।
159 साल पुरानी आर्मी स्कूल बिल्डिंग पर सुनवाई टली
महू स्थित 159 साल पुरानी आर्मी स्कूल बिल्डिंग को तोड़ने के मामले में सोमवार को होने वाली सुनवाई टल गई। अब कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी। इस मामले में देव कुमार वासुदेवन ने जनहित याचिका दायर की है।
याचिका में कहा गया है कि वर्ष 1866 में ब्रिटिश वास्तुकला के अनुसार बनी इस इमारत का ऐतिहासिक महत्व है। पहले इस भवन में आर्मी अस्पताल संचालित होता था। बाद में यहां आर्मी पब्लिक स्कूल शुरू किया गया। याचिकाकर्ता का कहना है कि इस ऐतिहासिक भवन में तोड़फोड़ नहीं की जानी चाहिए।
पूर्व में मामले की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट की युगलपीठ ने भवन के संरक्षण को लेकर सेना से सवाल किया था कि इसे म्यूजियम या वार मेमोरियल के रूप में विकसित क्यों नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा था कि पुरातात्विक धरोहर घोषित नहीं होने के बावजूद इमारत का ऐतिहासिक महत्व है।
सेना की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि नए भवन के निर्माण का ठेका दिया जा चुका है। वहीं, याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया था कि कोर्ट की रोक के बावजूद तोड़फोड़ जारी है। इस संबंध में अवमानना याचिका भी दायर की जा चुकी है, जिसमें नोटिस जारी हो चुके हैं।