नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर-देवास बायपास पर अर्जुन बड़ोद की जिस खराब सर्विस रोड के कारण पचास घंटे का महाजाम लगा। उसकी मरम्मत मल्होत्रा बिल्डकान को बरसात से पहले करना था। निर्माण एजेंसी की लापरवाही से उस दौरान हजारों वाहन फंसे रहे। भोपाल-उज्जैन का सफर भी मुश्किल हो गया।
अब जाकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) बीते तीन दिनों से सड़क को सुधारा जा रहा है। रात में भारी वाहनों को रोककर सड़क बनाई जा रही है। महज 800 मीटर की इस सड़क की मुहरम के बाद गिट्टी और कांक्रीट की एक परत को बिछा दिया है।
पहले अधिकारी यहां पेवर ब्लाक लगाने वाले थे, लेकिन अब इस हिस्से में डामरीकरण किया जाएगा। ऐसा करने के पीछे अधिकारियों ने तर्क दिया है कि मार्ग से भारी वाहन गुजरेंगे। इसके चलते पेवर ब्लाक सक्सेस नहीं है। बल्कि सर्विस रोड पर डामरीकरण किया जाएगा।
निर्माण एजेंसी ने अर्जुन बडोद फ्लाइओवर का काम शुरू करने से पहले सर्विस रोड की मरम्मत की थी। दस महीने पहले हुआ पेंचवर्क कुछ समय में खराब हो गया। बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चलाना मुश्किल हो रहा था। बीते गुरुवार दोपहर को बायपास पर जाम लगा, जो शनिवार रात 8 बजे सामान्य हो गया। इसके बाद सर्विस रोड की मरम्मत शुरू की गई है। रात 12 से सुबह 7 बजे के बीच काम किया जा रहा है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी है। एनएचएआई के अधिकारियों ने एजेंसी को अगले पांच से सात दिन के बीच अर्जुन बड़ोद की दोनों तरफ की सर्विस रोड को नए सिरे से तैयार करने की डेडलाइन रखी है।
अर्जुन बडोद फ्लाइओवर का काम रुका हुआ है, क्योंकि अभी फ्लाइएश आना बाकी है। इसके लिए एनएचएआइ ने सिंगाजी पावर प्लांट से संपर्क किया है। अधिकारियों के मुताबिक फ्लाइओवर का काम मार्च 2026 तक पूरा होना है। सालभर में महज तीस फीसद काम हो पाया है। अगले कुछ दिनों में फ्लाइएश मिलते ही अर्जुन बड़ोद और एमआर 10 जंक्शन फ्लाइओवर की अप्रोच रोड का काम किया जाएगा। दोनों फ्लाइओवर को अगले छह-नौ महीने में पूरा किया जाएगा।
अर्जुन बड़ोद का ट्रैफिक कम करने के लिए एनएचएआई ने देवगुराडिया से वाहनों को डायवर्ट कर रखा है। रविवार और सोमवार को देवगुराडिया के पास ट्रैफिक जाम था। मगर मंगलवार स्थिति सामान्य रही, क्योंकि वाहनों को डायवर्ट करने के लिए दो स्थानों पर कंट्रोल रूम बना रखा है।
दो दिन बाद करेंगे डामरीकरण
अर्जुन बड़ोद सर्विस रोड पर मुरहम-गिट्टी बिछाने के बाद कांक्रीट का काम भी पूरा हो चुका है। पेवर ब्लाॅक की बजाए अब डामरीकरण किया जाए, क्योंकि भारी वाहनों की संख्या को देखते हुए पेवर ब्लाक नहीं लगाने का फैसला किया है। अगले दो दिन मौसम सामान्य रहेगा। उस दौरान सर्विस रोड पर डामरीकरण किया जाएगा। यह काम रात में करेंग।
प्रवीण यादव, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई