दूध के दाम बढ़ाने की मांग पर किसान आंदोलन तेज, आज सांची डिपो घेरेंगे दूध उत्पादक; ये हैं मांगें
दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन इंदौर से देवास और उज्जैन तक पहुंच रहा है। 21 सितंबर को मांगलिया डेरी डिपो पर प्रदर्शन होगा।
Publish Date: Mon, 21 Sep 2026 08:07:05 AM (IST)Updated Date: Mon, 21 Sep 2026 08:07:05 AM (IST)
दूध के दाम बढ़ाने की मांग पर किसान आंदोलन तेज। (एआई जनरेटेड)HighLights
- दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसान आंदोलनरत हैं।
- 21 सितंबर को मांगलिया डेरी डिपो पर प्रदर्शन होगा।
- किसानों ने पशुपालन बढ़ती लागत के कारण घाटे का बताया।
दूध के दाम पर किसानों का गुस्सा, आज सांची डिपो घेरेंगे दूध उत्पादक- डेढ़ माह से मांगों पर अड़े किसान, 70 रुपये भैंस दूध खरीदी करने की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन अब इंदौर से निकलकर देवास और उज्जैन तक फैलने लगा है। करीब डेढ़ माह से गांवों में चल रहे विरोध और अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद मांगों पर फैसला नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
21 सितंबर को इंदौर, देवास और आसपास के दूध उत्पादक किसान मांगलिया स्थित सांची दुग्ध संघ के डिपो के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे।
पशुपाल घाटे का सौदा
प्रदर्शन की रणनीति को लेकर दखनाखेड़ी में किसानों की बैठक हुई। किसानों का कहना है कि इंदौर संभाग के साथ देवास सहित आसपास के जिलों से बड़ी मात्रा में दूध मांगलिया डेरी पहुंचता है। इसके बावजूद चारा, पशु आहार, दवाइयों, पशु चिकित्सा और मजदूरी की बढ़ती लागत के अनुपात में दूध का भुगतान नहीं हो रहा है। ऐसे में पशुपालन लगातार घाटे का सौदा बनता जा रहा है।
दुग्ध संघ की व्यवस्था पर भी सवाल
- किसानों ने मांगलिया डेरी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दुग्ध संग्रहण और भुगतान व्यवस्था को किसान हितैषी बनाने की मांग की। उनका कहना है कि यहां 8-9 जिलों से दूध आता है और मालवा क्षेत्र के आदिवासी किसान भी इससे जुड़े हैं।
- किसानों ने भैंस के दूध के लिए 70 रुपए और गाय के दूध के लिए 60 रुपए प्रति लीटर की मांग रखी है। साथ ही 12 रुपए प्रति फैट से कम भुगतान नहीं करने की मांग दोहराई है। कलेक्टर, संभागायुक्त और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने के बाद भी समाधान नहीं होने से अब आंदोलन का दायरा बढ़ाने की तैयारी है।