
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। क्रेडिट कार्ड स्वैव करने, बकाया चुकाने और लिमिट क्लियर कराने का भरोसा देकर ग्राहकों को लाखों रुपये की चपत लगाने का मामला सामने आया है। नंदानगर में गारमेंट्स और ज्वेलर्स की दुकान संचालित करने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ परदेशीपुरा ने एफआइआर दर्ज की है।
आरोप है कि खरीदारी करने आए ग्राहकों का विश्वास जीतकर उनके क्रेडिट कार्ड लिए और कार्ड स्वैप व रोटेशन के नाम पर उनकी लिमिट खर्च कर दी। इसके बाद ग्राहकों को उनकी रकम वापस नहीं की। लोगों का आरोप है कि पिता-पुत्र ने एक करोड़ से ज्यादा ठगे है। आरोपितों ने कहा ग्राहक 12 प्रतिशत ब्याज ले चुके है।
टीआई पंकज द्विवेदी के अनुसार आरोपित भूरालाल मोहने और विजय मोहन की नंदानगर में विजय गारमेंट्स एवं विजय ज्वेलर्स नाम से दुकान है। यहां आने वाले ग्राहकों के कमिशन पर कार्ड स्वैप कर बकाया चुकाने और आउटस्टैंडिंग अमाउंट क्लियर कराने का भरोसा दिया जाता था।
इसके बदले वे ग्राहकों के अन्य क्रेडिट कार्ड अपने पास रख लेते थे। आरोप है कि इन कार्डों का इस्तेमाल कर उनकी लिमिट से खरीदारी और भुगतान किए जाते थे। ग्राहकों को कुछ महीने तक समय पर रुपये मिलें लेकिन बाद में राशि जमा नहीं की गई। इस तरह ग्राहकों पर कर्जा बढ़ गया।
शिकायतकर्ता शुभम टांक ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले मां के इलाज के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर उसने भूरालाल मोहन की दुकान पर क्रेडिट कार्ड से 60 हजार रुपये का भुगतान किया था। इसके बाद भूरालाल ने उसका विश्वास जीत लिया।
बाद में आउटस्टैंडिंग अमाउंट क्लियर कराने के नाम पर उसके सात क्रेडिट कार्ड ले लिए। आरोप है कि इन कार्डों की करीब 24.44 लाख रुपये की लिमिट खर्च कर दी गई और पांच लाख रुपये अलग से ट्रांसफर भी कराए गए। शिकायत में करीब 28 लाख रुपये की धोखाधड़ी का उल्लेख है।
एक अन्य शिकायतकर्ता से भूरालाल सात क्रेडिट कार्ड ले लिए और 5.67 लाख रुपये की लिमिट खर्च कर दी। इसके अलावा भूरालाल और उसके बेटे विजय ने गोल्ड छुड़ाने के नाम पर 15.80 लाख रुपये भी लिए। इसी तरह सूरज भान के बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड पर बकाया राशि क्लियर कराने के नाम पर नौ अन्य कार्ड ले लिए और करीब 16.50 लाख रुपये की लिमिट खर्च कर दी गई।
विजय और सूरज की पढ़ाई तथा मकान के काम का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में 11 लाख रुपये भी लिए गए। मामले में शुभम टांक, सूरभ भान, राहुल शिंदे, नरेंद्र त्रिवेदी, सीमा शर्मा, राजकुमार नायक, रवि नायक, रवि पटेल, आदित्य चौहान, योगेश वर्मा, राजेश बागड़े, आलिंद जैन, गरीमा जैन, सुनील रघुवंशी, सौरभ शर्मा सहित अन्य ने शिकायत की और शुक्रवार को भूरालाल निवासी सिंगापुर ग्रीन व्यू और उसके बेटे विजय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।