यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Indore Lok Sabha Seat: इंदौर सीट पर चुनावी दृश्य साफ, कांग्रेस के अक्षयकांति देंगे भाजपा के शंकर लालवानी को चुनौती
जैन समाज में सक्रिय अक्षयकांति बम को लेकर कांग्रेस दावा कर रही है कि वे लोकसभा क्षेत्र से अब तक के सबसे उच्च शिक्षित और युवा उम्मीदवार हैं।
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 24 Mar 2024 07:17:02 AM (IST)Updated Date: Sun, 24 Mar 2024 07:17:02 AM (IST)
शंकर लालवानी, अक्षयकांति बमHighLights
- कांग्रेस ने शिक्षाविद् के तौर पर पहचाने जाने वाले अक्षयकांति बम को उम्मीदवार घोषित किया है।
- कांग्रेस द्वारा घोषित उम्मीदवार का यह किसी भी तरह का पहला चुनावी मुकाबला होगा।
- भाजपा ने एक बार फिर शंकर लालवानी पर ही भरोसा जताया है
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर लोकसभा सीट पर चुनाव के मुकाबले की स्थिति साफ हो गई है। कांग्रेस ने शिक्षाविद् के तौर पर पहचाने जाने वाले अक्षयकांति बम को उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस द्वारा घोषित उम्मीदवार का यह किसी भी तरह का पहला चुनावी मुकाबला होगा। लाॅ और मैनेजमेंट कालेज संचालित करने वाले बम ने विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए दावेदारी की थी। विधानसभा चुनाव में तो टिकट नहीं दिया लेकिन अब पार्टी ने उन्हें अब लोकसभा में उम्मीदवार बनाया है। भाजपा पहले ही सांसद शंकर लालवानी पर अपना भरोसा जताकर उन्हें उम्मीदवार बना चुकी है।
जैन समाज में सक्रिय अक्षयकांति बम को लेकर कांग्रेस दावा कर रही है कि वे लोकसभा क्षेत्र से अब तक के सबसे उच्च शिक्षित और युवा उम्मीदवार हैं। 45 वर्ष के अक्षय ने डेली काॅलेज से स्कूली शिक्षा पूरी की। पीएचडी की उपाधि लेने से पहले वे एमबीए, एलएलबी और बीकाम ऑनर्स भी कर चुके हैं। करीब दस वर्षों से वे कांग्रेस में सक्रिय हैं।
बीते वर्षों में वे बड़नगर विधानसभा क्षेत्र से सक्रिय रहे और 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले वहीं काम कर रहे थे। बीते विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने बड़नगर छोड़ इंदौर से दावेदारी की।
दिग्विजयसिंह के करीबी माने जाने वाले अक्षयकांति बम का इंदौर के क्षेत्र चार से टिकट तय भी माना जा रहा था। हालांकि सामाजिक समीकरणों के चलते ऐनवक्त पर कांग्रेस ने राजा मंधवानी को चार नंबर से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। अब अक्षयकांति बम इंदौर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस का चेहरा बनकर मैदान में हैं।
पार्टी का घोषणापत्र और इंदौर का भी बनेगा
अक्षय बम ने उम्मीदवारी घोषित होने के बाद कहा- राजनीति मेरा पेशा नहीं सेवा का माध्यम है। सेवा के इसी लक्ष्य को लेकर इंदौर लोकसभा से नागरिकों का समर्थन मांग रहा हूं। कांग्रेस का घोषणापत्र जारी हो चुका युवाओं को नौकरी-रोजगार से लेकर हर वर्ग को न्याय दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है। जल्द ही इंदौर लोकसभा क्षेत्र के विकास का खाका खींचता घोषणा पत्र और विजन डाक्यूमेंट भी जारी किया जाएगा।