नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर(Indore Roads)। मास्टर प्लान की सुभाष मार्ग और छावनी सड़क(Chhawani Road Indore) दो चरण में बनेगी। पहले चरण में सुभाष मार्ग 100 के बजाय 80 फीट और छावनी सड़क 80 फीट के बजाय 60 फीट चौड़ी बनाई जाएगी। इन दोनों सड़कों की चौड़ाई को लेकर रहवासियों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि दोनों सड़कों की चौड़ाई 20-20 फीट कम कर दी जाए तो कई मकान जमींदोज होने से बच जाएंगे।
फिलहाल पहले चरण में सड़क की चौड़ाई कम करने से रहवासियों को राहत मिली है। रहवासियों ने इस संबंध में केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मुलाकात भी की थी। रहवासियों की आपत्ति देखते हुए निर्णय लिया गया कि दोनों सड़कों को दो चरणों में बनाया जाए। इससे इन सड़कों को बनाने का रास्ता साफ हो गया है। मई के पहले सप्ताह तक इन दोनों सड़कों का काम शुरू हो जाएगा।
छावनी सड़क को 80 फीट चौड़ा बनाने की स्थिति में 328 मकान प्रभावित हो रहे थे। इनमें से 70 से ज्यादा मकान तो चौड़ीकरण में पूरे ही जा रहे थे। इसी तरह सुभाष मार्ग(Subhash Marg Indore) को 100 फीट चौड़ा बनाने की स्थिति में 304 मकान बाधित थे।
इनमें से 50 से ज्यादा चौड़ीकरण में पूरे ही जा रहे थे। दोनों सड़कों की चौड़ाई 20-20 फीट कम करने से अब इनमें से ज्यादातर मकान बच जाएंगे। नगर निगम को तोड़फोड़ करने में दिक्कत भी नहीं आएगी। मंगलवार को नगर निगम की टीम ने छावनी सड़क पर 60 फीट के हिसाब से मार्किंग का काम शुरू कर भी दिया।
अन्य स्थानों पर भी उठ सकती है मांग
केंद्र सरकार की आर्थिक मदद से शहर में मास्टर प्लान की 23 सड़कों का निर्माण होना है। इनमें से छह सड़कों का काम शुरू हो भी चुका है। सुभाष मार्ग और छावनी सड़क को दो चरणों में बनाने के निर्णय का असर मास्टर प्लान की अन्य सड़कों पर भी पड़ेगा। अब अन्य सड़कों के लिए भी रहवासी ऐसी ही मांग उठाने लगेंगे।
दो चरणों में करेंगे काम मास्टर प्लान की सड़क की चौड़ाई कम नहीं कर रहे हैं, सिर्फ दो चरणों में बना रहे हैं। सिंहस्थ को देखते हुए तेजी से काम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। रहवासियों को चाहिए कि वे नई मार्किंग के हिसाब से अपने निर्माण स्वयं ही हटा लें, ताकि काम तेजी से शुरू किया जा सके। - पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, इंदौर