
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्र सरकार भी चाहती है कि इंदौर का मास्टर प्लान सर्वश्रेष्ठ बने। इसके लिए इंदौर को जो भी मदद चाहिए, केंद्र सरकार देगी। यह बात केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कही। वे शनिवार रात बायपास स्थित होटल में शहर के प्रबुद्धजन से चर्चा कर रहे थे।
इंदौर उत्थान समिति के अजीतसिंह नारंग द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री पुरी ने कहा कि मास्टर प्लान किसी शहर की समस्याओं और विशेषताओं का मिश्रण होता है। हम चाहते हैं कि इंदौर स्वच्छता की तरह विकास में भी आगे रहे। मंत्री ने कहा कि हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और कुछ ही महीने में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक व्यवस्था हो जाएंगे।
इंदौर की स्वच्छता की तारीफ करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सिर्फ पहले नंबर पर आ जाना बड़ी बात नहीं है बल्कि लगातार छह वर्षों तक पहले स्थान पर बने रहना बड़ी बात है। यह इंदौर की जनता की वजह से ही संभव हो सका है। पेट्रोल के दामों को लेकर मंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्ष में भारत के आसपास के देशों में पेट्रोल के दामों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है, लेकिन भारत में दो वर्षों में दाम करीब पांच प्रतिशत कम हुए हैं।
मोदी सरकार की तारीफ करते हुए पुरी ने कहा कि इस सरकार की विशेषता है कि यह जो प्रोजेक्ट हाथ में लेती है वह कम से कम समय में पूरा कर लेती है। मंत्री ने कहा कि वर्तमान में हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में पांचवे स्थान पर है लेकिन कुछ ही महीने में हम तीसरे स्थान पर आ जाएंगे। हम बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। देश में पिछल नौ वर्ष में जो काम हुआ है वह 50 वर्ष में नहीं हुआ था।

मंत्री पुरी ने बताया कि बहुत जल्दी केंद्र सरकार 10 हजार नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने जा रही हैं। इनमें से कुछ बसें इंदौर को भी मिलेंगी।
उल्लेखनीय है कि नईदुनिया ने इंदौर के मास्टर प्लान के लिए लगातार समाचार प्रकाशित किए हैं। गहरे पानी पैठ स्तंभ के माध्यम से इंदौर का मास्टर प्लान श्रेष्ठ बने, यह मुद्दा उठाया। इसके परिणाम स्वरूप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर महानगर अथॉरिटी बनाने की घोषणा की।