Indore Metro Train: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इंदौर में अगस्त में मेट्रो का ट्रायल रन करने के लिए काम तेजी से चल रहा है। यहां स्टेशन पर गर्डर लगाने का काम भी शुरू हो गया है। इसके लिए जो क्रेन काम कर रही है, उसकी कीमत ही दो करोड़ रुपये से अधिक है। यह क्रेन कांट्रेक्टर ने चायना से बुलवाई है। उच्च वजन क्षमता वाली यह क्रेन 40 टन वाली पाई गर्डर और 22 टन वाली आई गर्डर को उठाकर निर्धारित जगह पर लगाती है।
सुपर कारिडोर पर गांधीनगर से ओवरब्रिज तक के 5.9 किलोमीटर के हिस्से को सुपर प्रायोरिटी कारिडोर बनाया गया है। यहीं पर अगस्त में ट्रायल रन का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए मेट्रो स्टेशन का काम तेजी से चल रहा है। यहां पर स्टेशन का काम भी चल रहा है। इसके लिए गर्डर लगा कर उन्हें जोड़ा जा रहा है। मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के अनुसार यहां पर क्रेन की सहायता से गर्डर लांच करने का काम किया जा रहा है। यह क्रेन अभी गुजरात से आई है। वहां से एक अन्य क्रेन भी आने वाली है। मूलत: क्रेन चायना से आई है।
सुपर कारिडोर पर स्टेशन का काम कर रहे इंजीनियरों के अनुसार, दिनभर में पांच पाई गर्डर लग सकती हैं। इसके अलावा करीब चार आई गर्डर लग जाती हैं। काम शुरू करने के पहले पूरा वर्क प्लान बनाया जाता है। क्रेन का सेटअप जमाने में करीब ढाई से तीन घंटे का समय लग जाता है। इसके बाद एक गर्डर को लांच करने, उसे फिक्स करने में करीब ढाई से तीन घंटे लग जाते हैं। इंजीनियरों ने बताया कि इतना वजन उठाकर क्रेन पलट न जाए इसलिए काफी तैयारी की जाती है। क्रेन के पाये को नीचे लोहे के बेस से जमाया जाता है। यहां पर क्रेन के साथ दो इंजीनियर, चार आपरेटर और एक दर्जन से ज्यादा मजदूर लगते हैं।